सागर

नगर पालिका की बैठक बनी अखाड़ा: सफाई, भ्रष्टाचार और प्रतिमा विवाद पर हुआ हंगामा

माइक बंद करने के आरोप से बढ़ा बवाल, जलकर वृद्धि का प्रस्ताव खारिज और 15 करोड़ के ऑडिटोरियम पर भी नहीं बनी सहमति, सड़क और नाली निर्माण के प्रस्तावों को मिली हरी झंडी
2 min read
Jul 29, 2026
Municipality meeting turns into a battleground: Uproar over sanitation, corruption, and statue dispute
बैठक में चर्चा करते हुए। फोटो-पत्रिका

बीना. नगर पालिका परिषद की साधारण बैठक विकास से ज्यादा हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप की भेंट चढ़ गई। प्रस्ताव में शामिल 23 बिन्दुओं पर चर्चा के लिए सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, प्रतिमा स्थापना, आवारा मवेशियों और जलकर वृद्धि जैसे मुद्दों पर पार्षदों ने अधिकारियों को कठघरे में खड़ा कर दिया। कई मुद्दों पर तीखी नोकझोंक भी हुई।
बैठक का सबसे ज्यादा विवाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना को लेकर सामने आया। भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई। नेता प्रतिपक्ष प्रशांत राय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बात के दौरान माइक बंद कर दिया गया और उन्हें बोलने से रोका गया। लंबे विवाद के बाद परिषद ने मोतीचूर नदी के पास स्थित पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा लगाने पर सहमति दी, जबकि सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापना के लिए जिला कलेक्टर को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में पार्षद जितेन्द्र बोहरे, विवेक पोरिया, आतीक खान, प्रकाश बजाज, गौरीशंकर राय, अजय ठाकुर, एल्डरमेन रमेश जढिय़ा, राकेश बिलगैयां, पवन गुलाटी, संतोष कुशवाहा, पार्षद मीना चौबे, प्रतिमा ठाकुर, राजकुमारी ठाकुर, अनुराधा यादव, मधुलिया यादव, रश्मि कुशवाहा आदि उपस्थित थे।

सफाई व्यवस्था पर अधिकारियों को घेरा
शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर लगभग सभी पार्षदों ने अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। भीम वार्ड पार्षद नीतू राय ने कहा कि नाली का ढाल सही न होने से बारिश का पानी घरों में भर रहा है और जहरीले सांप घर तक पहुंच रहे हैं। सुभाष वार्ड की पार्षद अनुराधा यादव ने सफाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार ने भी अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए, उन्होंने भी माना की शहर में सफाई व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। पार्षद अजय ठाकुर ने आवारा मवेशियों से हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया, जबकि एल्डरमेन विमल अहिरवार ने मुक्तिधाम के पास पार्किंग बनाने की मांग रखी।

भ्रष्टाचार के आरोप, जांच समिति की मांग
नानक वार्ड के पार्षद बीडी रजक ने शहर के निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जांच समिति गठित करने की मांग की। उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया ने करीब 10 लाख रुपए की लागत से बने स्पीड ब्रेकर कुछ ही दिनों में टूटने का मुद्दा उठाते हुए पिछले एक वर्ष के सभी निर्माण कार्यों की सात सदस्यीय समिति से जांच कराने की मांग रखी। इसपर सीएमओ राहुल कौरव ने उच्चाधिकारी से इसकी जांच कराने के लिए कहा।

जलकर वृद्धि खारिज, ऑडिटोरियम पर भी नहीं बनी बात
बैठक में 15 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित ऑडिटोरियम के निर्माण स्थल पर भी सहमति नहीं बन सकी। विवाद सुलझाने के लिए अलग समिति बनाने का निर्णय लिया गया। गांधी चौराहे से महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाने के प्रस्ताव का भी विरोध हुआ और परिषद ने प्रतिमा के आसपास से अतिक्रमण हटाने की मांग की। वहीं, जलकर बढ़ाने के प्रस्ताव को परिषद ने सिरे से खारिज कर दिया। ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूरा होने तक आंबेडकर तिराहे के सौंदर्यीकरण का कार्य भी स्थगित रखने का फैसला लिया गया।

इन कार्यों को मिली मंजूरी
बैठक में शुभम कांप्लेक्स से पुराने बस स्टैंड तक पेंचवर्क, सुभाष वार्ड में सीसी रोड, वीर सावरकर वार्ड में डामरीकरण व आरसीसी नाली, इंदिरा गांधी वार्ड में सीसी रोड, झांसी गेट मुक्तिधाम पर प्रतीक्षालय तथा चंद्रशेखर, शिववार्ड, नानक वार्ड, प्रताप वार्ड, मढिय़ा वार्ड, कटरा वार्ड, गणेश वार्ड, भीम वार्ड, मस्जिद वार्ड में सीसी रोड निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।

Updated on:
29 Jul 2026 12:09 pm
Published on:
29 Jul 2026 12:09 pm