सागर

14 दिन से बंद पड़ी है कृषि मंडी, परेशान किसानों की किसी को नहीं चिंता

खरीफ की बोवनी के सीजन में परेशानी से जूझ रहे इन किसानों की चिंता किसी भी जिम्मेदार को नहीं है।

2 min read
Jun 26, 2018
Can not be Crop auction

सागर. संभागीय मुख्यालय की कृषि उपज मंडी 14 दिन से बंद है। मंडी में खरीदी न होने के कारण यहां आने वाले किसान या तो मायूस होकर वापस लौट रहे हैं या फिर मंडी के बाहर बैठे व्यापारियों को औने-पौने दाम में उपज बेचने को मजबूर हैं। खरीफ की बोवनी के सीजन में परेशानी से जूझ रहे इन किसानों की चिंता किसी भी जिम्मेदार को नहीं है।
इधर, हल न निकलते देख मंडी बोर्ड ने प्रशासन से मदद मांगी थी। इसके बाद तय हुआ था कि सोमवार को प्रशासनिक अधिकारी हम्माल व व्यापारियों के बीच सुलह कराने के लिए मध्यस्तता करेंगे, लेकिन अधिकारियों की व्यस्तता के चलते सोमवार को बैठक नहीं हो सकी। जिसके कारण मंगलवार को भी मंडी में खरीदी बंद रहेगी।
लापरवाही पर मंडी सचिव को नोटिस
स्थानीय कृषि उपज मंडी में व्याप्त अनियमितताएं और किसानों की समस्याओं का समय पर निराकरण न करने को लेकर मंडी सचिव एके ताम्रकार को नोटिस जारी किया गया है। टीएल बैठक में सामने आई अनियमितताओं के बाद कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने यह निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार सचिव ताम्रकार ने भावांतर योजना के शेष प्रकरणों में किसानों भुगतान में बरती जा रही लापरवाही और लेटलतीफी, सीएम हेल्प लाइन की शिकायतों का निराकरण न करने, मंडी में हम्मालों व व्यापारियों बीच समन्वय की स्थिति स्थापित करने में नाकाम रहने सहित अन्य लापरवाहियों को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले भी मौन
चुनावी समय में किसानों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले नेता भी अब तक सामने नहीं आए हैं। यह भी देखने में आ रहा है कि जानकारी होने के बाद भी जिला प्रशासन की ओर से भी अब तक मामले में दखल नहीं दिया गया है। यही कारण है, कि बीते 14 दिन से मंडी में खरीदी नहीं हो सकी है।
कृषि उपज मंडी हम्मालों के साथ समझौता न होने पर सागर अनाज तिलहन एवं व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश साहू के नेतृत्व में व्यापारियों ने सोमवार को कलेक्टर के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि हम्मालों की मजदूरी नियमानुसार 10 प्रतिशत तक बढ़ाई गई है, लेकिन वह 20 से 30 गुना तक बढ़ाने के लिए दबाब डाल रहे हैं। इसलिए मंडी के व्यापारी 14 जून से हड़ताल पर हैं। अध्यक्ष साहू ने कहा कि सभी व्यापारी किसान हित में मंडी में खरीदी करने तैयार हैं, लेकिन हम्माल तैयार नहीं हो रहे हैं। इसलिए हम्माल संघ के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Published on:
26 Jun 2018 04:49 pm
Also Read
View All