कहा आत्महत्या के लिए उकसाया, छोटे भाई ने पेट्रोल डालकर की आत्मदाह करने की कोशिश, थाना प्रभारी ने समझाइश देकर कराया मामला शांत
बीना. ग्राम सरगौली के एक युवक ने मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजन शव लेकर शुक्रवार की दोपहर बीना थाने पहुंचे, जहां आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब मृतक के छोटे भाई ने थाना परिसर में ही खुद पर पेट्रोल डालकर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल उसपर पानी डाला और समझाइश दी।
जानकारी के अनुसार अभिषेक पिता महेन्द्र सिंह ठाकुर (39) निवासी सरगौली ने गुरुवार रात छोटी बजरिया क्षेत्र में जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसके बाद परिजनों को फोन लगाकर सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर रेफर कर दिया। सागर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सागर में ही युवक का पीएम किया गया और मकरोनिया पुलिस ने मर्ग कायम कर किया है, जिसकी डायरी अभी बीना थाने नहीं पहुंची है।
परिजनों ने कहा आरोपियों ने किया था मानसिक रूप से प्रताडि़त
सागर से शव लाने के बाद परिजन गांव न जाकर बीना थाने पहुंचे। मृतक के पिता महेंद्र सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया उनके बेटे को चार लोग लगातार मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहे थे। अभिषेक को महिला संबंधी झूठे मामले में फंसाने की धमकियां दे रहे थे, जिससे वह काफी परेशान था। लगातार दबाव बनाए जाने, बदनामी के डर से तनाव में आकर यह कदम उठाया है। परिवार ने युवक की मौत के लिए संबंधित लोगों को जिम्मेदार बताते हुए तत्काल मामला दर्ज करने की मांग की।
भाई ने डाला पेट्रोल, पुलिस ने बचाया
थाने में प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब बिगड़ गई, जब मृतक का छोटा भाई राहुल पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा और अपने ऊपर डाल लिया। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी अनूप यादव, आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल ने उसके हाथ से बोतल छीनी और पानी डालकर उसे समझाइश दी।
समझाइश के बाद माने परिजन
मामले को लेकर पुलिस ने समझाइश देते हुए कहा कि मर्ग सागर में कायम हुआ है। संबंधित डायरी और दस्तावेज मिलने के बाद आवेदन के आधार पर जांच की जाएगी। यदि जांच में आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी बात सामने आती है, तो कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।
की जाएगी जांच
मामले के संबंध में कुछ भी दस्तावेज सागर से प्राप्त नहीं हुए है। घटना स्थल को लेकर भी अभी संशय है कि घटना बीना थानांतर्गत है या जीआरपी थाना अंतर्गत। डायरी प्राप्त होने व परिजनों के बयानों के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
अनूप यादव, थाना प्रभारी, बीना