सागर

रिफाइनरी प्रबंधन से जल्द मिलेंगी आठ कचरा गाड़ी, रैमकी कंपनी की जगह नपा कर्मचारी करेंगे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन

हर माह तीन लाख रुपए की होगी बचत, जो अन्य विकास कार्यों पर होंगे खर्च, रैमकी कंपनी को ​सिर्फ कचरा निष्पादन के लिए राशि देगी नगर पालिका
2 min read
Jul 25, 2026
Eight garbage trucks will soon be received from the refinery management
वर्तमान में रैमकी कंपनी की गाड़ियों से हो रहा शहर में कचरा कलेक्टशन। फोटो-पत्रिका

बीना. नगर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का कार्य वर्तमान में नगर पालिका रैमकी कंपनी से करा रही है। यह कार्य अब नगर पालिका के माध्यम से करने की तैयारी है। इसके लिए रिफाइनरी प्रबंधन से सीएसआर के तहत कचरा गाडिय़ां उपलब्ध कराने सीएमओ ने प्रबंधन और कलेक्टर, एसडीएम को भी प्रस्ताव भेजा था। जिसपर प्रबंधन ने स्वीकृति दे दी है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका ने सीएसआर के तहत डीजल और इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ी देने का प्रस्ताव रिफाइनरी प्रबंधन को भेजा था। इस प्रस्ताव पर प्रबंधन ने सहमति दी है और सात डीजल और एक इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ी अगले माह तक नगर पालिका को मिल जाएंगी। एक कचरा गाड़ी एसबीआई बैंक से पहले ही नपा को मिल चुकी है, जिससे कुल नौ गाडिय़ां हो जाएंगी। यह गाडिय़ां मिलने के बाद नगर पालिका रैमकी की जगह स्वयं ही डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का कार्य शुरू कराएगी, जिससे हर माह तीन लाख और सलाना करीब 30 से 35 लाख रुपए की बचत होगी। रैमकी कंपनी से सिर्फ कचरे का निष्पादन कराया जाएगा। गौरतलब है कि वर्तमान में कंपनी की नौ कचरा गाडिय़ों से ही 25 वार्डों में कचरा कलेक्शन का कार्य किया जा रहा है। कंपनी कचरा एफएसटी प्लांट पर एकत्रित करती है, जहां से निष्पादन के लिए प्लांट को भेजा जाता है।

कंपनी की मनमानी होगी खत्म
पिछले वर्ष एक कंपनी की मनमानी के चलते नगर पालिका ने टेंडर निरस्त किया था और इसके बाद शहर में तीन महीनों तक डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नहीं हो पाया था। अब नगर पालिका यह व्यवस्था स्वयं संभालेगी, तो कंपनियों की मनमानी भी खत्म हो जाएगी।

नगर पालिका करेगी मॉनीटरिंग
वर्तमान में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के कार्य की मॉनीटरिंग कंपनी के कर्मचारी और नपा कर्मचारी करते हैं। नगर पालिका द्वारा कचरा कलेक्शन का कार्य शुरू किया जाएगा, तो मॉनीटरिंग भी नपा कर्मचारियों द्वारा ही की जाएगी, जिससे लोगों की शिकायतों और कमियों को तत्काल दूर किया जा सकेगा।

जल्द मिल जाएंगी कचरा गाड़ी
रिफाइनरी प्रबंधन से आठ कचरा गाडिय़ां सीएसआर के तहत मिल रही हैं, गाडिय़ां आने के बाद नगर पालिका द्वारा ही कचरा कलेक्शन किया जाएगा, जिससे साल में करीब 30 से 35 लाख रुपए की बचत होगी। इस राशि से अन्य विकास कार्य किए जा सकेंगे।
राहुल कौरव, सीएमओ, बीना

Updated on:
25 Jul 2026 11:55 am
Published on:
25 Jul 2026 11:55 am