
man dies after fight over ajwain in pakoras at liquor party, मृतक भूपेन्द्र शर्मा की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source- Patrika)
Sagar Liquor Party Murder: मध्यप्रदेश के सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र के बिलेहरा स्थित सरकारी वेयरहाउस में शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच भजिये में अजवायन न डालने को लेकर हुआ विवाद अब हत्या में बदल गया है। विवाद के दौरान घायल हुए युवक भूपेंद्र शर्मा की भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। विवाद के दौरान भूपेन्द्र शर्मा के सिर पर कार के जैक लिवर से प्राणघातक हमला किया गया था, जिसके बाद पहले उसे सागर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था और फिर भोपाल के अस्पताल में। भोपाल में इलाज के दौरान भूपेन्द्र की मौत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को अभिरक्षा में लिया है और अन्य से पूछताछ कर रही है।
20 जुलाई को भूपेंद्र शर्मा अपने मित्र कृष्ण उर्फ भूरे शर्मा, अजय सिंह ठाकुर और अन्य साथियों के साथ वेयरहाउस परिसर में पार्टी कर रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान भजिया में अजवायन न डालने जैसी मामूली बात पर दोस्तों के बीच बहस हो गई। इस बहस ने तूल पकड़ा कि मारपीट हो गई और इसी दौरान अजय सिंह ठाकुर के ड्राइवर कृष्णा उर्फ भूरे ने जैक चढ़ाने की लोहे की रॉड निकालकर भूपेंद्र के सिर पर दे मारी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा था।
घटना के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने परिजनों को सूचना दी। गंभीर हालत में भूपेंद्र को पहले सागर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सीटी स्कैन सुविधा न होने पर मकरोनिया भेजा गया। स्थिति की नाजुकता को देखते हुए डॉक्टरों ने भोपाल रेफर कर दिया। भोपाल के एक निजी अस्पताल में चल रहे उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर उसे हमीदिया अस्पताल रैफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान भूपेंद्र ने दम तोड़ दिया। भूपेन्द्र की मौत के बाद सुरखी थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी भूरे शर्मा पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के वक्त पार्टी में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक युवक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
Updated on:
24 Jul 2026 08:00 pm
Published on:
24 Jul 2026 07:15 pm
