
woman suicide case emotional letter son varanasi last wish, मृतका नीलू की जीवित अवस्था की तस्वीर साथ ही घटनास्थल और इनसेट में सुसाइड नोट (Source-Patrika)
Satna Woman Suicide Last Wish: मध्यप्रदेश के सतना जिले के सभापुर थाना के बिरसिंहपुर वार्ड क्रमांक-9 में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां स्थानीय व्यवसायी परिवार की 40 वर्षीय महिला ने घर के पास स्थित कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान नीलू मिश्रा के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस को मृतका के पास से एक बैग मिला, जिसमें 12 वर्षीय बेटे के नाम लिखा भावुक अंतिम संदेश, भगवान शिव-पार्वती की प्रतिमा, 14 हजार रुपए नकद और अंतिम इच्छा से जुड़ा पत्र बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सुबह जब स्थानीय लोगों ने कुएं में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी, पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला तो महिला की शिनाख्त नीलू मिश्रा के तौर पर हुई। पुलिस को मृतका के पास से एक बैग में सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें नीलू मिश्रा ने अपनी अंतिम इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने लिखा है कि उनका अंतिम संस्कार वाराणसी में किया जाए। बैग में शिव-पार्वती की एक प्रतिमा और 14 हजार रुपए नकद भी मिले हैं। पुलिस ने इन सभी वस्तुओं को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है। अंतिम इच्छा के अनुसार परिजन शव को लेकर वाराणसी ले गए हैं। नीलू मिश्रा के पति रविशंकर मिश्रा का करीब दस वर्ष पहले निधन हो गया था।
बैग में जो सुसाइड नोट मिला है उसमें सबसे भावुक संदेश मृतका ने अपने 12 वर्षीय बेटे सोम के लिए लिखा है। उसने लिखा है- मेरा प्यारा बेटा सोम, नागौद वाली अम्मा से कहना कि मेरे बदले एकादशी का व्रत रखकर उद्यापन करें। बेटे को दादा-दादी की सेवा करने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की सीख दी है। पत्र में अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए परिवार का सहारा बनने की बात भी लिखी है।
पुलिस का कहना है कि मृतका द्वारा छोड़े गए पत्र और संदेश की हैंडराइटिंग की जांच के लिए दस्तावेज भोपाल भेजे जाएंगे। पुलिस आत्महत्या के कारणों, पारिवारिक परिस्थितियों तथा अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से विवेचना कर रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है।
Updated on:
19 Jul 2026 08:54 pm
Published on:
19 Jul 2026 07:30 pm
