
police arrests truck battery theft gang sohawal bypass, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
Satna Truck Battery Theft Case: मध्यप्रदेश के सतना में सतना-पन्ना मार्ग स्थित सोहावल बायपास पर खड़े ट्रकों की बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक जीप जब्त की है। आरोपी बीते कुछ समय से लगातार बायपास पर खड़े होने वाले ट्रकों को निशाना बना रहे थे और उनमें से बैटरियां चुरा लेते थे। पुलिस को लगातार इनके खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं।
जानकारी के अनुसार, सोहावल बायपास पर कई दिनों से रात के समय खड़े ट्रकों की बैटरियां चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। चोरी से परेशान ट्रक मालिक और चालक पिछले तीन-चार दिनों से रातभर निगरानी कर रहे थे। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जैसे ही तीन संदिग्ध युवक बैटरी चोरी करने पहुंचे, ट्रक मालिकों और चालकों ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया और तत्काल सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार अहरी टोला निवासी फरियादी पुनीत सिंह की शिकायत के बाद गिरोह की काफी समय से तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सिंह निवासी माधवगढ़ टिकुरिया, उदय सिंह निवासी टिकुरिया तथा अजीत कुमार रवि निवासी घूरडांग, कोलगवां के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बैटरियां और चोरी की वारदातों में प्रयुक्त छतरपुर पासिंग की एक जीप भी जब्त की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद जीप कहीं चोरी की तो नहीं है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Updated on:
12 Jul 2026 10:19 pm
Published on:
12 Jul 2026 10:19 pm
