
सतना। इंडिया पोस्ट जिले का पहला जेन जी-थीम वाला नया नेक्स्ट जनरेशन (एन-जेन) पोस्ट ऑफिस सतना मेडिकल कॉलेज परिसर में शुरू करने जा रहा है। युवाओं की जरूरतों के अनुकूल और तकनीक पर आधारित स्थल को आकर्षक इंटीरियर डिज़ाइन से सजाया गया है। इसकी डिजिटल सुविधा और रचनात्मक डिजाइन युवा पीढ़ी की पसंद के अनुरूप तैयार की गई है।
पोस्ट मास्टर जनरल करेंगे शुभारंभ
इसका शुभारंभ गुरुवार 9 जुलाई को सुबह 10 बजे मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल द्वारा किया जाएगा। अपनी तरह के अलग डिजाइन वाले इस पोस्ट आफिस का शुभारंभ करने मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल विनीत माथुर सतना पहुंच चुके हैं। जिले का यह पहला पोस्ट आफिस है जो नई पीढ़ी के अनुरूप बनाया गया है। शुभारंभ अवसर पर मेडिकल कॉलेज सतना के डीन डॉ. एसपी गर्ग भी मौजूद रहेंगे। पूरे जबलपुर रीजन का अपनी तरह का यह पहला पोस्ट ऑफिस है।
कॉफी वेंडिंग मशीन से चार्जिंग प्वाइंट तक मौजूद
मुख्य डाकघर के पीआर अधिकारी अभिषेक खरे ने बताया कि एन-जेन पोस्ट ऑफिस ने एक पारंपरिक पोस्ट ऑफिस को एक जीवंत स्थल में बदल दिया है। इसमें वर्क कैफे, किताबों एवं बोर्ड गेम्स से लैस एक बुक-बूथ भी बनाया गया है। इसकी आंतरिक सज्जा एक वर्क कैफे जैसी है, जिसमें फ्री वाई-फाई की सुविधा, आरामदायक बैठने की जगह, लैपटॉप एवं मोबाइल के लिए चार्जिंग पॉइंट और एक कॉफी वेंडिंग मशीन उपलब्ध है। यह विद्यार्थियों के लिए एक ऐसी जगह है, जो उत्पादकता और सामाजिक संपर्क दोनों को बढ़ावा देती है। यह पोस्ट आफिस मेडिकल कॉलेज परिसर में स्पार्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास बनाया गया है।
यह सुविधाएं उपलब्ध
इसमें सेल्फ-बुकिंग कियोस्क और क्यूआर कोड-आधारित तत्काल भुगतान का विकल्प उपलब्ध है। ये सुविधाएं उपयोग में आसानी एवं डिजिटल भुगतान की जरूरत को ध्यान में रखती हैं और जेन जी समूह की डीआईवाई (डू-इट-योरसेल्फ) की भावना को सार्थक करती हैं। जेन जी पोस्ट ऑफिस में आने वाले आगंतुक माय स्टाम्प काउंटर पर व्यक्तिगत स्टाम्प प्रिंट करवा सकते हैं, जो इंडिया पोस्ट की स्मारक डाकटिकट संग्रह की विरासत को एक आधुनिक रूप भी देगा।
Updated on:
09 Jul 2026 09:33 am
Published on:
09 Jul 2026 09:33 am
