7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Maihar : बर्थ डे पार्टी से लौट रहे 6 युवकों की एक्सयूवी ट्रक में जा घुसी, 5 की मौत, वाहन काटकर निकालने पड़े शव

XUV crashes into truck on NH-30 : नेशनल हाइवे- 30 पर मैहर के रिगरा गांव के पास देर रात 2 भीषण सड़क हादसा, एक युवक गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया।
2 min read
Google source verification
XUV crashes into truck on NH-30

XUV crashes into truck on NH-30 (नेशनल हाइवे- 30 पर ट्रक में घुसी XUV 5 की मौत 1 घायल Photo Source- Input)

Maihar News :मध्य प्रदेश के सतना से अलग हुए मैहर जिले में बीती देर रात नेशनल हाईवे-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। नादन देहात थाना इलाके के रिगरा गांव के पास तेज रफ्तार एक्सयूवी कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि, वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार 6 युवक अंदर फंस गए। हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग और नादन देहात पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे सभी युवकों को बाहर निकाला। पांच युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जबलपुर भेज दिया गया।

जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे सभी युवक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक उनके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी नादन पंचराज सिंह ने बताया कि  मृतकों की पहचान विजय पटेल (30), शिवा पटेल (23), अंकुर पटेल (40), मृदुल पटेल (32) और हरीशंकर पटेल (25) के रूप में की है। इनमें चार युवक मैहर जिले के तनाजा गांव के निवासी थे, जबकि शिवा पटेल नरोरा गांव का रहने वाला था। हादसे में घायल युवक की पहचान ओम पटेल के रूप में हुई है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्सयूवी एमपी-13 एल-1887 रिगरा गांव के पास आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक बुरी तरह फंस गए। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खो देना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मैहर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया था।