सागर

परेशान किसानों को इस तरह मजबूर कर रहे सरकारी कर्मचारी, हो रहा एेसा हश्र

किसान से जमीन बंटवारे का प्रकरण निपटाने के एवज में इन रुपयों की मांग की थी।
2 min read
• •
Updated: 20 Feb 2018, 4:22 PM IST
Government employees taking bribe from farmers
Government employees taking bribe from farmers

केसली/सागर. सागर जिले में केसली तहसील कार्यालय में सोमवार को लोकायुक्त टीम ने सहायक नाजिर कमलेश्वर दत्त मिश्रा को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। मिश्रा ने एक किसान से जमीन बंटवारे का प्रकरण निपटाने के एवज में इन रुपयों की मांग की थी। इसके बाद परेशान किसान ने लोकायुक्त सागर में इसकी शिकायत की थी। जांच पड़ताल के बाद सोमवार शाम ५.३० बजे लोकायुक्त की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए छापा मारा। पहले से बनाई गई प्लानिंग के अनुरूप जैसे ही किसान ने सहायक नाजिर मिश्रा को रुपए दिए तो टीम ने उसे पकड़ लिया और जेब से केमिकल लगे नोट बरामद कर लिए। मामले में लोकायुक्त ने आरोपी पर मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई के बारे में डीएसपी राजेश खेड़े ने बताया कि भरदी गांव निवासी दुर्गा प्रसाद कुर्मी ने शिकायत की थी। उसने सहायक नाजिर कमलेश्वरदत्त मिश्रा द्वारा जमीन बंटवारे के प्रकरण को निपटाने के लिए छह हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। लोकयुक्त द्वारा इस शिकायत की जांच की गई। इसके बाद पीड़ित को रुपए लेकर तहसील कार्यालय भेजा गया, जहां उसे रंगे हाथ पकड़ा है।
आरोपी को मिली थी अनुकंपा नियुक्ति

पकड़े गए सहायक नाजिर मिश्रा को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी, वह वर्तमान में परिवीक्षा अवधि में था। पकड़े जाने पर उसने जबरन राशि जेब में रखने के आरोप लगाए और खुद को निर्दोष करार दिया। इस कर्रवाई के दौरान लोकायुक्त की टीम में निरीक्षक संतोष जमरा, आरक्षक आशुतोष व्यास, नीलेश पांडेय, यशवंत सिंह, अरविंद नायक, संतोष गोस्वामी शामिल थे।

...इधर विरोध के डर से निगम ने भी शुरू की कार्रवाई
सागर. अवैध मांस व्यवस्थापन समिति के विरोध के बाद नगर निगम प्रशासन ने शहर में खुले में अवैध रूप से संचालित की जा रहीं मांस व मछली दुकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को अतिक्रमण प्रभारी संजय सोनी, रामेश्वर चौबे के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ते द्वारा संजय ड्राइव, मोतीनगर चौराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड, कसाई मंडी, धर्मश्री तिराहा पर अभियान चलाया गया और कई किलोग्राम मांस व मछली को जब्त किया। निगम के प्रभारी उपायुक्त डॉ. प्रणय कमल खरे ने बताया कि शहर में जहां-जहां पर अवैध रूप से मांस व मछली की दुकानें चल रहीं हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है। अब हर दिन कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को समझाइश दी गई है कि वे नियत स्थान पर ही दुकानें लगाएं, नहीं तो उनके विरुद्ध अब जुर्माना की जगह कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर ७०३ लोगों से भरवाए शपथ-पत्र
समिति ने अवैध मांसाहार के विरुद्ध तीसरे दिन भी अभियान जारी रखा। कटरा, तीनबत्ती, रामपुरा, कचहरी क्षेत्र में पहुंचकर करीब ७०३ लोगों से शपथ पत्र भरवाए और भाजपा को वोट न देने की अपील की। समिति तीन दिनों में करीब २ हजार लोगों से अवैध मांस दुकानें को बंद कराने का समर्थन जुटा चुकी है।

Published on: