- भोपाल के बाद अब सागर में पति की क्रूरता - डॉक्टरों ने 8 घंटे ऑपरेशन कर जोड़े
भोपाल. भोपाल में पति द्वारा अपनी पत्नी पर हमला कर हाथ काटने के मामले के बाद अब सागर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए। पत्नी को गंभीर हालत में सागर से भोपाल के हमीदिया अस्पताल लाया गया, जहां देर रात तक डॉक्टर ऑपरेशन कर उसके दोनों हाथ जोडऩे के प्रयास में जुटे रहे।
सागर की रहने वाली 20 साल की आरती गोंड का सोमवार रात अपने पति रणवीर से विवाद हो गया। विवाद के बाद पति गुस्से में आरती को पकड़कर घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में ले गया और वहां कुल्हाड़ी से वार कर उसके दोनों हाथ काट दिए। उसके दोनों हाथों की हड्डियां, नसें और लिगामेंट अलग हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से आरती को सागर के एक अस्पताल ले जाया गया। वहां से सागर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। लेकिन उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया।
हमीदिया अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक महिला को दोपहर करीब 2 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया। जांच के बाद ऑर्थोपेडिक्स एचओडी डॉ. संजीव गौर ने महिला के हाथ जोडऩे के लिए ऑपरेशन की तैयारी की। उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी, सीटीवीएस और एनेस्थिीसिया के डॉक्टरों के साथ बातचीत के बाद उसका ऑपरेशन शुरू किया गया।
ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट के डॉ. राहुल शुक्ला के मुताबिक इस घटना में भी महिला के हाथ की हड्डी कई जगह से टूट चुकी थी। सीधे हाथ की स्थिति काफी हद तक अच्छी है और उसमें रक्त प्रवाह भी है। 24 से 72 घंटे के बाद ही यह पता लगेगा कि हाथ काम कर पाएगा या नहीं।
रात 12.30 बजे तक चला ऑपरेशन डॉ. संजीव गौर ने बताया कि महिला के हाथों की नसें और रक्तवाहिकाएं कट गईं हैं। करीब साढ़े चार बजे उसका ऑपरेशन शुरू किया था। इसके लिए ऑर्थोपेडिक्स के अलावा प्लास्टिक सर्जरी, सीटीवीएस और एनेस्थिीसिया की चार टीमें ऑपरेशन में जुटीं। आठ घंटे लंबे ऑपरेशन के बाद उसके दोनों हाथों को जोड़ दिया गया। महिला को फिलहाल ऑपरेशन आइसीयू में रखा गया है। उसका अभी स्वास्थ्य स्थिर है।
भोपाल में भी क्रूरता
15 दिन पहले भोपाल में भी एक पति ने अपनी पत्नी संगीता के हाथ पर फरसा मार काट दिया था। हमीदिया अस्पताल में ऑपरेशन कर महिला का हाथ जोड़ दिया गया। फिलहाल उसकी एक उंगली में ही हलचल है।