
बीना. नाबालिग को ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी देकर 40 तोला सोना और नकदी लेने के मामले में शनिवार को एसपी अनुराग सुजानिया ने खुलासा किया। साथ ही आरोपी और सहयोगी मामा को रिमांड के बाद जेल भेज दिया है गया। आरोपियों से 250 ग्राम सोने के आभूषण और 13 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार एक फरियादी अपने नए मकान में निवास कर रहा था, जबकि परिवार के पुराने पैतृक मकान में नकद राशि, सोने के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान रख दिया था। 17 जून 26 को पुराने मकान में रखे सामान की जांच करने पर नकद राशि और कीमती सामान गायब था, जिसपर फरियादी ने पुलिस थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और घटनास्थल की बारीकी से जांच पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी द्वारा फरियादी परिवार की नाबालिग को ब्लैकमेल कर एवं जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाने की बात सामने आई। इसी दबाव में उससे चोरी कराई गई। पुलिस ने आरोपी आयुष मैना को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो करीब 13 लाख रुपए नकद और करीब 40 तोला सोने के आभूषण लिए जाने की जानकारी सामने आई। आरोपी द्वारा नकद राशि से सामान की खरीदारी की और अन्य खर्चों में उपयोग करना बताया गया। पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदा सामान बरामद किया। आरोपी ने आभूषण अपने मामा अंकुश बाल्मीकि निवासी गुना को दिए जाने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और करीब 250 ग्राम सोने के कीमती आभूषण बरामद किए गए। अभी 150 ग्राम सोने के 10 सिक्के, तीन कड़े अभी नहीं मिल पाए हैं, इसके लिए संबंधितों की तलाश की जा रही है। आरोपी आयुष मैना और अंकुश की पुलिस रिमांड पूरी होने पर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। साथ ही सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी बीना, मोनू पाल निवासी गुना को पूर्व में जेल भेज दिया गया है।
आरोपी अंकुश कब्जे से सोने का हार 70 ग्राम, सोने की चैन 30 ग्राम, सोने का ब्रेसलेट 10 ग्राम, 4 सोने की अंगूठियां 15 ग्राम, सोने का पेंडल 5 ग्राम, एक नग गोल गिन्नी 2 ग्राम, 4 सोने के कड़े 60 ग्राम, मंगलसूत्र 30 ग्राम, सोने की चैन 30 ग्राम बरामद हुआ। करीब 250 ग्राम सोने के जेवरात, जिनकी करीब 38 लाख रुपए है।
मुख्य आरोपी आयुष के पास से दो आईफोन 1 लाख 60 हजार रुपए और एक 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल मिला। कार क्रमांक एमपी कार 04 सीजे 9391 कीमत ढाई लाख रुपए, कार क्रमांक एमपी 08 जेई 9775 कीमत आठ लाख रुपए, बुलट बाइक कीमत करीब तीन लाख रुपए, एसी 40 हजार रुपए, एलईडी टीवी 10 हजार रुपए, स्टेबलाइजर चार हजार रुपए, साउंड बॉक्स 10 हजार रुपए, चार कुर्सियां चार हजार रुपए, एक बेड 15 हजार रुपए, लोहे का गेट 30 हजार रुपए का कुल 16 लाख 37 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया। आरोपी ब्लैकमलिंग कर चोरी कराए रुपयों से लग्जरी लाइफ जी जा रहा था।
आरोपियों को गिरफ्तार करने और सामान बरामद करने में टीम में शामिल थाना पभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखन राज, कस्तूरी अहिरवार, प्रधान आरक्षक विजय गौतम, राजेश पटेल, सौरभ रैकवार, आरक्षक संदीप यादव, दीपसिंह भदोरिया, बाबूलाल अहिरवार, राहुल सोलंकी, भूपेंद्र परिहार आदि की सराहनीय भूमिका रही।