रैली निकालकर बस स्टैंड राजीव मंच के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।
रहली. नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में शुक्रवार को युवक कांग्रेस लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष अंकेश हजारी के नेतृत्व में रैली निकालकर बस स्टैंड राजीव मंच के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंकेश ने बताया कि अघोषित विद्युत कटौती से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों ने 24 घंटे में समस्या हल कराने की मांग की है। समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
इसके अलावा सुनार नदी में अन्य डैम से पानी छोड़े जाने की मांग की गई है। प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस अनुसूचित जाति नेता दीपक बाल्मीकि, अनिकेश सेंधिया, पिंटू गुप्ता, अमन दीक्षित, मधुर तिवारी, आमीर खान, सलमान खान , अमीन खान, सुगन दुबे, नितिन शर्मा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद थे।
गौरझामर डैम के गेट खुलने से मिल सकती है निजात
रहली. नगर की प्यास बुझाने वाले यूडीएसएसएमटी योजना के अंतर्गत सुनार नदी पर बना फिल्टर प्लांट एनीकट सूखने के कगार पर है। जिससे नपा प्रशासन भी परेशान हो रहा है। अभी वार्डों में 8 से 10 दिनों के अंतर से जल सप्लाई की जा रही है। भीषण जल संकट की स्थिति से निपटने के लिए केवल एक मात्र सहारा एनीकट प्लांट है। लोगों ने बताया कि विगत वर्ष की तरह देवरी, केसली ब्लॉक के समनापुर, सोनपुर डैम से पानी छोड़ा जाए तो तेजी से यहां पानी आ सकता है और जलसंकट से लोगों को राहत मिल जाएगी। इस संबंध में सुनार जल संरक्षण समिति द्वारा एक ज्ञापन भी पंचायत मंत्री को सौपा गया। सुनार नदी पर गौरझामर में बना डैम अभी पूरी तरह से भरा हुए है,यदि इसकी एक-एक प्लेट खोल दी जाए तो भी पानी की पूर्ति हो सकती है। सोनपुर सरपंच राजेश सिंह परासई ने बताया कि जेसीबी से पानी निकासी के लिए जगह बनाई थी, लेकिन गति धीमी होने के कारण पानी अधिक मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा है। नपाध्यक्ष रेखा हजारी ने बताया कि पानी की व्यवस्था के लिए कलेक्टर को पत्र लिखकर जानकारी दी है।