सागर

Bina news: त्योहारी सीजन में महंगाई का तड़का, दालों के दाम उछले; चीनी-चावल भी महंगे

बीना में अरहर दाल 30 और चना दाल 15 रुपए किलो तक महंगी, बिगड़ेगा रसोई का बजट, आने वाले दिनों में खाद्य सामग्रियों के दामों में उतार—चढ़ाव बना रहने की है संभावना
2 min read
• •
Oct 14, 2026
Inflation spikes during the festive season
फोटो-एआई

बीना. त्योहारी सीजन में आम लोगों को महंगाई का झटका लग रहा है। रोजमर्रा के खानपान में इस्तेमाल होने वाली दालों से लेकर चावल और चीनी तक के दाम बढऩे लगे हैं। यह उछाल पिछले कुछ दिनों में आया है। अरहर दाल के दाम में करीब 30 रुपए किलो तक की वृद्धि हुई है, जबकि चना दाल 15 रुपए किलो, चावल 5 से 10 रुपए प्रति किलो बढ़े हैं। खाद्य सामग्री की कीमतों में आ रहे उछाल से लोगों के रसोई का बजट बिगड़ेगा।
दालों की कीमतों में हुई वृद्धि का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। कुछ दिनों पूर्व तक 100 से 110 रुपए प्रति किलो मिलने वाली अरहर दाल अब 130 से 140 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसी तरह चना दाल के दाम 75 रुपए से बढकऱ 90 रुपए प्रति किलो हो गए हैं, जिससे बेसन से बनने वाली खाद्य सामग्री के दाम भी बढ़ेंगे। दालों के साथ चावल की कीमतों में भी 5 से 10 रुपए प्रति किलो तक का उछाल आया है। वहीं, चीनी पहले 45 रुपए किलो से 70 रुपए किलो तक पहुंच गए थे, जो घटकर 50 रुपए हो गए थे, लेकिन अब फिर 55 रुपए प्रति किलो दाम हो गए हैं। त्योहारों के दौरान घरों में पकवान और मिठाइयां बनाने के लिए इन वस्तुओं की खपत भी बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतों में वृद्धि से लोगों को पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ेगा। गौरतलब है कि तेल, मसालों के दामों में पहले से ही तेजी है और अब दालों में आ रहे उछाल ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

आ रहा है दामों में उछाल


व्यापारी अरविंद बरया ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दाल, चावल, शक्कर के दामों में उछाल आया है। आने वाले दिनों में भी दामों में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है।

महंगाई पर करना होगा कंट्रोल


गृहणी साधना पाराशर ने बताया कि पहले ही खाद्य सामग्री पर महंगाई का असर है और अब दाल, चावल के दामों में वृद्धि होने से गरीब, मध्यमवर्गी लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। सरकार को महंगाई पर कंट्रोल करना चाहिए, जिससे लोग दो वक्त का खाना अच्छे से खा सकें।

Updated on:
14 Oct 2026 11:51 am
Published on:
14 Oct 2026 11:51 am