
दमोह. क्रांतिकारी संत मुनि तरुण सागर महाराज अब हमारे बीच में नहीं रहे। समाधि मरण की भावना व्यक्त करने के ४८ घंटों के भीतर ही उनकी आत्मा ने देह त्याग कर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त किया है। शनिवार को तड़का सुबह मुनिश्री के देवलोक गमन की खबर आती है। इसके बाद सुबह से ही देशभर में जैन समाज द्वारा मंदिरों में विशेष पूजन, जप शुरू कर दिए जाते हैं और मुनि तरुण सागर को मोक्ष प्राप्ति हो, इसके लिए कामना की जाती है।
मुनि तरुण सागर जी महाराज के गृह जिले दमोह और गृह ग्राम गुंहची में भी देवलोक गमन की खबर पहुंचते ही सब सन्न रह गए। नम आंखों से सभी ने गुरु को नमन किया और भगवान से उनकी आत्मा को मोक्ष प्राप्ति की विनती की। दमोह के सभी जैन मंदिरों में मुनि तरुण सागर के लिए जप किया गया। मंदिरों में श्रीजी के अभिषेक पश्चात शांतिधारा भी मुनिश्री के नाम पर की गई। दमोह में विराजमान आचार्य उदारसागर महाराज, आर्यिका सौम्यनंदनी माता, मुनि आदित्यसागर महाराज ने भी मुनितरुण सागर के जीवन पर अपने प्रवचनों में व्याख्या की। साथ ही समाधि मरण की भावना पर विस्तार पूर्वक श्रावकों को समझाया। इस मौके पर तरुण सागर के लिए मोक्ष की कामना और आत्मशांति के लिए श्रद्धांजलि मौन रहकर दी गईं।
मृत्यु महोत्सव देखकर हुईं आंखें नम
जैन धर्म में सबसे बड़ा महोत्सव मृत्यु महोत्सव होना बताया गया है। जब कोई संत समाज को संदेश देने के बाद समाधिमरण की भावना व्यक्त करता है तो इस कार्य को मृत्यु महोत्सव कहते है। मुनि तरुण सागर ने भी बीमारी के पश्चात उपचार लेने से इंकार करते हुए समाधिमरण की भावना व्यक्त की थी। दमोह से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली के लिए शुक्रवार को ही रवाना हो गए थे। जबकि अधिकांश लोगों ने सुबह से टेलीविजन के माध्यम से मृत्यु महोत्सव का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान अपने गुरु के अंतिम दर्शन कर सभी की आंखें नम नजर आईं। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने तरुण सागर महाराज की आत्मा को शांति और मोक्ष प्राप्ति के लिए विनयांजलि दी।
सीएम ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि
मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट पर मुनि तरुणसागर महाराज की आत्मा शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की है। शिवराज सिंह चौहान ने अपनी ट्वीट में लिखा है कि मैं दमोह की धरती को नमन करता हूं जो श्रद्धेय जैन मुनि तरुण सागर महाराज जैसे ईश्वर तुल्य विराट व्यक्त्वि की जननी है। अपने कड़वे प्रवचन से हमारे जीवन को सार्थक रूप प्रदान करने वाले ऐसे संत संदियों में एक बार धरती पर आते है। गुरुदेव कृपावर्षा से आप हमारे हृदय में अमर रहेंगे।