सागर

खुरई विधानसभा में 18 जुलाई को रोपे जाएंगे एक लाख पौधे-भूपेन्द्र सिंह

पिछले वर्ष रोपे गए थे 65 हजार पौधे, गड्ढे किए गए हैं तैयार, पौधा लगाने वाले लोग अपने पूर्वजों के नाम की पट्टिका भी लगा सकेंगे, जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठन होंगे शामिल
2 min read
Jul 15, 2026
One lakh saplings to be planted in Khurai Assembly constituency on July 18
बैठक में चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री। फोटो-पत्रिका

बीना. खुरई विधानसभा क्षेत्र में 18 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत एक ही दिन में एक लाख पौधे लगाने की तैयारी अंतिम चरण में है। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से समन्वित प्रयासों के साथ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और शुद्ध वायु सुनिश्चित करने का संकल्प है। पिछले साल विधानसभा क्षेत्र में एक दिन में 65 हजार पौधे रोपकर रिकॉर्ड बनाया गया था और चारों नगरीय निकायों को राज्य शासन ने सम्मानित किया गया था। इस बार एक लाख पौधे लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को वार्ड एवं ग्राम स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने के निर्देश दिए गए। पार्षद अजीत सिंह अजमानी को नगर समन्वयक बनाया गया है। नगर पालिका, जनपद पंचायत और विभिन्न विभागों को 15 जुलाई तक कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका एवं जनपद पंचायत के माध्यम से नि:शुल्क फलदार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। चिन्हित स्थलों पर गड्ढे और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। पौधा लगाने वाले लोग अपने पूर्वजों के नाम की पट्टिका भी लगा सकेंगे। बैठक में सीएमओ राजेश मेहतेल, जनपद पंचायत सीईओ मीना कश्यप, एसडीएम मनोज चैरसिया, तहसीलदार ऋतु राय ने चिंहित जगहों, पौधों की प्रजाति सहित अन्य तैयारियों की जानकारी दी।

गौधाम के लिए 110 एकड़ जमीन आवंटित
उन्होंने बताया कि मालथौन क्षेत्र में लगभग 110 एकड़ भूमि पर गौधाम, गोशाला एवं गो-अभयारण्य के लिए भूमि आवंटित हो गई है। वहीं, खुरई कृषि महाविद्यालय के प्रशासनिक एवं छात्रावास भवन के लिए 11.5 एकड़ भूमि स्वीकृत हुई है, जिसका शिलांयास 15 जुलाई को होगा। गढ़ौला जागीर में 38 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण किया जाएगा।

जनचौपाल में सुनी समस्याएं
जनचौपाल में पूर्व मंत्री ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों से त्वरित निराकरण कराया व लोगों से लिखित आवेदन देने की अपील की। कार्यक्रम में अधिकारी, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Updated on:
15 Jul 2026 12:05 pm
Published on:
15 Jul 2026 12:05 pm