सागर

Bina news: सुविधाओं के सपने दिखाकर मनमाने दामों पर बेचे प्लाट, सड़क की हालत ऐसी कि बीमार को अस्पताल तक पहुंचाना भी मुश्किल

बीना के ग्रामीण क्षेत्रों में काटी गई हैं अवैध कॉलोनी, शिकायत के बाद भी कॉलोनाइजर नहीं करा रहे कार्य, खंभों पर स्ट्रीट लाइट न होने से शाम ढलते ही सड़कों पर पसर जाता है अंधेरा
2 min read
Aug 31, 2026
Plots were sold at exorbitant prices with promises of amenities, yet the condition of the road is such that even transporting a sick person to the hospital is difficult.
कॉलोनी को जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति। फोटो-पत्रिका

बीना. शहर के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काटी गईं अवैध कॉलोनी में रहने वाले लोगों को घरों से मुख्य मार्ग तक आने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्योंकि कॉलोनी में न सड़क है और न ही नालियां। घरों के सामने से कीचड़ और पानी जमा हो रहा है। गंदगी से लोग बीमार हो रहे हैं।
देहरी रोड पर बरदौरा पंचायत अंतर्गत शिवधाम कॉलोनी मुख्य सड़क से करीब आधा किलोमीटर दूर खेतों में काटी गई है, जहां बड़ी संख्या में लोग मकान बनाकर रहने लगे हैं। इस कॉलोनी में मुख्य मार्ग से लेकर कॉलोनी तक की सड़क दलदल बन गई है और कॉलोनी के अंदर भी न सडक़ें हैं, न ही नाली, जिससे जगह-जगह पानी, कीचड़ जमा हो रहा है। बारिश में कॉलोनी से मुख्य सडक़ तक आना कॉलोनीवासियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। कॉलोनाइजर से भी इसकी शिकायत की जाती है, लेकिन फिर भी कोई कार्य नहीं कराया गया है। यदि कॉलोनी में कोई व्यक्ति बीमार हो जाए, तो अंदर तक एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती है और न ही ऑटो पहुंचते हैं। लोगों ने सडक़, नाली निर्माण सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

मीनाक्षीपुरम कॉलोनी में भी स्थिति खराब


देहरी रोड पर स्थित मीनाक्षीपुरम कॉलोनी में भी सड़क, नालियों सहित अन्य सुविधाओं का अभाव है। कॉलोनी के निवासी राजकुमार कुर्मी ने बताया कि सडक़ न होने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। पानी निकासी के लिए नाली नहीं है, जिससे मकान के चारों तरफ पानी भरा है और मकान धंसने लगा है। शिकायतों के बाद भी कोई कार्य नहीं कराया जा रहा है।

न सड़क बनाई, न ही नाली


कॉलोनी में प्लाट बेचते समय कॉलोनाइजर ने सड़क, नाली, बिजली की सुविधा देने की बात कही थी, लेकिन कई वर्ष बाद भी सडक़ और नालियों का निर्माण नहीं हो पाया है। गंदगी के कारण बीमार हो रहे हैं। बारिश में रात के समय दलदल बन चुकी सड़कों से मुख्य मार्ग तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कई लोग गिरकर घायल हो चुके है।
रामकुमारी, स्थानीय निवासी

अंदर तक नहीं आते वाहन


कॉलोनी की मुख्य सड़क सहित अंदर की सडक़ों का निर्माण कॉलोनाइजर ने नहीं कराया है। बारिश में बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। तेज बारिश होने पर बच्चे मुख्य मार्ग तक नहीं पहुंच पाते हैं। मरीज को बाइक से अस्पताल ले जाते समय कीचड़ के कारण फिसलकर गिरने से घायल हो गए थे। कॉलोनी में कहीं भी स्ट्रीट लाइट नहीं है, जिससे रात में अंधेरा छा जाता है।
शिवा अहिरवार, स्थानीय निवासी

नहीं मिला दान पत्र


पंचायत अंतर्गत काटी गई कॉलोनी में सड़क निर्माण को लेकर अभी तक दान पत्र नहीं मिला है। दान पत्र मिलते ही सडक़ों का निर्माण कराया जाएगा।
मुकेश कुशवाहा, सरपंच प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत बरदौरा

Updated on:
31 Aug 2026 11:54 am
Published on:
31 Aug 2026 11:54 am