संभाग के सागर, बीना, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह सहित तहसील स्तर के कॉलेजों में एबीव्हीपी व एनएसयूआई में हुई झड़पें, दमोह में नामांकन पत्र फाड़े
सागर.छात्र संघ चुनाव के पहले पड़ाव की चुनावी प्रक्रिया शनिवार को सागर संभाग के सभी कॉलेजों में प्रारंभ हुई। इस प्रक्रिया का पहला चरण कक्षा प्रतिनिधियों यानि सीआर के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान ही एबीव्हीपी व एनएसयूआई कई जगह आमने-सामने आ गए। छात्रों के दोनों गुटों की टकराहट को भांपते हुए कॉलेज प्रबंधन ने थाने के फोन घनघना दिए , जिस पर पुलिस बल के साथ पुलिस अधिकारियों को कॉलेज तक दौड़ लगानी पड़ी। दमोह के केएन कॉलेज की छात्राओं ने गुस्से में नामांकन पत्र फाड़ दिए।
दमोह
सबसे पहले तनातनी व गर्माहट के माहौल की खबर दमोह से आई जहां पीजी कॉलेज दमोह में 49 सेक्शन की सूचना चस्पा नहीं होने पर छात्र संगठनों ने हंगामा कर दिया, जिस पर कॉलेज प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी। उधर केएन गल्र्स कॉलेज दमोह में 11 बजे के बाद एनएसयूआई की छात्राओं को प्रवेश नहीं दिए जाने व एबीव्हीपी की छात्राओं को प्रवेश दिए जाने पर बबाल मच गया। इसकी जानकारी लगते ही एनएसयूआई व एबीव्हीपी के छात्र यहां आमने सामने आ गए। गुस्से में एनएसयूआई की छात्राओं ने नामांकन फार्म फाड़ दिया। एबीव्हीपी व एनएसयूआई आमने-सामने आ गए यहां भी हो हल्ला मचने पर पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा चुनाव के पहले ही पड़ाव में गर्माहट होने से कॉलेज प्रबंधन व पुलिस के हाथ पांव फूलने लगे हैं।
सागर
छात्र संघ चुनाव को लेकर सागर गल्र्स डिग्री कॉलेज में हंगामा हुआ। एनएसयूआई और अभाविप के नेता आमने-सामने आ गए। मौके पर पुलिस पहुंची। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं चक्काजाम का प्रयास किया। इस संबंध में छात्र संघ चुनाव के सीआर नामांकन के दौरान एनएसयूआई के छात्रों को सुबह 11 बजे के बाद प्रवेश न दिए जाने पर एबीव्हीपी के प्रदेश मंत्री मृदुल मिश्रा ने पलटवार करते हुए कहा है कि एनएसयूआई के छात्रों को नामांकन के दौरान नियम न पढ़कर आना भारी पड़ गया है, क्योंकि सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन होने का समय था, लेकिन एनएसयूआई के छात्र 11 बजे के बाद प्रवेश के लिए प्रयासरत रहें। इधर एनएसयूआई ने अभाविप पर यह आरोप लगाया है कि सिर्फ एनएसयूआई के छात्रों को नियमों का हवाला दिया गया है, जबकि एबीव्हीपी के छात्रों को 11 बजे के अंदर भी प्रवेश दिया गया है, जिससे साफतौर पर नजर आ रहा है कि सत्ता पक्ष के दबाव में अभाविप के लिए साम-दाम-दंड भेद की नीति से चुनाव जिताने की हर कुटिल चाल चली जा रही है।
टीकमगढ़
टीकमगढ़ के पीजी कॉलेज में भी नामांकन प्रक्रिया को लेकर एनएसयूआई ने रोष जताते हुए चक्काजाम लगाया और विरोध प्रदर्शन किया। यहां भी एनएसयूआई का यही आरोप था कि समय के बाद केवल एबीव्हीपी छात्रों के लिए कॉलेज के द्वार खुल गए लेकिन एनएसयूआई समर्थित छात्रों को अंदर जाने नहीं दिया गया।
छतरपुर
छतरपुर के महाराज कॉलेज में नामांकन के दौरान एक छात्रा को किए गए कमेंटस से रोष उत्पन्न हो गया। यहां भी एनएसयूआई व एबीव्हीपी एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। जिस छात्रा पर कमेंटस किए गए वह रोते हुए शिकायत दर्ज कराने पहुंची। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
यह था समय
- सुबह 10 से 11- कक्षा प्रतिनिधि के लिए प्रत्याशियों का नामांकन।
- 11 से 12- नामांकन पत्रों की जांच।
-12 से 12.30- नामांकन सूची का प्रथम प्रकाशन।
-12.30 से 1.00- प्रत्याशियों की सूची पर दावा/ आपत्ति।
-1 से 2.00- नामांकन सूची का द्वितीय प्रकाशन
-2.00 से 2.30- नाम वापसी।
-2.30 से 3.30- कक्षावार कक्षा प्रतिनिधि प्रत्याशियों की अंतिम वैध सूची का प्रकाशन।
- जिन कक्षाओं में कक्षा प्रतिनिधि के लिए नामांकन नहीं हुआ, उन कक्षाओं में गुनानुक्रम के आधार पर संरक्षक द्वारा मनोनयन कर सूची जारी करना।
- 3.30 से कार्य पूर्ण तक- प्रत्याशियों के मतपत्र तैयार करने और मतदान केंद्रों का निर्माण किया जाएगा।