Sagar News : बाग सेमरा में परीक्षा देकर लौट रही 12वीं की छात्रा पर युवक ने कटर से हमला कर दिया। छात्रा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे 100 से अधिक टांके लगाए गए हैं।
Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना इलाके के बाग सेमरा में शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां परीक्षा देकर घर लौट रही कक्षा 12वीं की छात्रा पर एक युवक ने कटर से हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि, छात्रा शनिवार को सदर स्थित स्कूल में परीक्षा देकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान सदर से बाग सेमरा जाने वाले रास्ते पर टावर के पास बाग सेमरा में रहने वाले नीलेश पटैल ने उसका रास्ता रोकते हुए ताबड़तोड़ हमला शुरु कर दिया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने छात्रा पर कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में छात्रा के दोनों हाथ, गला, चेहरा और पीठ पर गंभीर घाव आए हैं। गंभीर रूप से घायल छात्रा खेत के पास गिर पड़ी और काफी देर तक वहीं पड़ी रही।
शाम करीब 5 बजे वहां से गुजर रहे लोगों ने आरोपी नीलेश को बाइक से भागते हुए देखा। वहीं खेत में छात्रा लहूलुहान अवस्था में पड़ी दिखी। ग्रामीणों ने उसकी पहचान कर परिजन को सूचित किया। जानकारी लगते ही मौके पर पहुंचे परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल छात्रा को मेडिकल कॉलेज ले गए। बहुत अदिक मात्रा में रक्त बह जाने के कारण उसकी हालत नाजुक हो गई थी। बीएमसी स्टाफ की मदद से छात्रा को तत्काल ब्लड डोनेट किया गया। डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी की, जिसमें उसके शरीर पर 100 से अधिक टांके लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद मकरोनिया पुलिस भी मेडिकल कॉलेज पहुंची और छात्रा के पिता तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी की पहचान नीलेश पटैल के रूप में की है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मकरोनिया थाना प्रभारी रावेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि, जांच शुरु कर दी गई है, साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है।
घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कटर से हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरब्याऊ इलाके में भी नाबालिगों ने घर में घुसकर दंपति पर कटर से हमला किया था, जिसमें पति की मौत हो गई थी। पुलिस कार्रवाई के बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।