सागर

हैरानी…बिना बारिश के सागर में मानसून की एंट्री, गर्मी व उमस से लोग परेशान

शहर में इन दिनों बादल छा रहे हैं, लेकिन बरस नहीं रहे हैं। अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
less than 1 minute read
Jun 19, 2025
sagar
sagar

आपको यह जानकर हैरानी होगी कि सागर में बिना बारिश के ही मानसून की एंट्री हो चुकी है। बुधवार को दिन भर सूरज की तेज तपन व उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम को मौसम विभाग ने यह सूचना जारी कर दी कि सागर में मानसून की एंट्री हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मानसून ने पूरे संभाग को कवर कर लिया। शहर में इन दिनों बादल छा रहे हैं, लेकिन बरस नहीं रहे हैं। अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1 डिग्री अधिक 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। आसमान की ओर लोग टकटकी लगाए बारिश का इंतजार करते रहे। मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया पिछले दिनों जिले में बारिश के आधार पर जिले में भी मानसून का प्रवेश हो गया है। 20 से 22 जून तक झमाझम बारिश की संभावना है। गुरुवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

ये सिस्टम सक्रिय

अभी वर्तमान में गुजरात एवं उसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे संबद्ध ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण दिशा की और झुका हुआ है। इस मौसम प्रणाली से एक द्रोणिका झारखंड तक बनी है, जो मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ से होते हुए जा रही है।
एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में जम्मू के आसपास बना हुआ है।
बंगाल की खाडी़ में भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन सभी मौसम प्रणालियों के चलते वातावरण में नमी आ रही है और मध्यम से भारी बारिश का दौर बना हुआ है।

Updated on:
19 Jun 2025 05:20 pm
Published on:
19 Jun 2025 05:20 pm