सागर

नपा के रैनबसेरा को बनाया स्टोर रूम, सामुदायिक भवन में है रुकने की व्यवस्था, जरूरतमंदों को नहीं रहती जानकारी

रात में खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ती है रात, रैनबसेरा तक पहुंचाने की भी नहीं की है नगर पालिका ने व्यवस्था

2 min read
Nov 23, 2025
फाइल फोटो

बीना. नगर पालिका ने उत्कृष्ट स्कूल के पास ठंड, बारिश के मौसम में जरूरतमंदों को रुकने के लिए रैनबसेरा बनाया है, लेकिन इसमें रुकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। रैनबसेरा को स्टोर रूम बना दिया है, इसकी जगह खिरिया वार्ड में सामुदायिक भवन को रैनबसेरा बनाया गया है, जहां तक कोई जरूरतमंद पहुंच ही नहीं पाते हैं।
अभी से रात के समय ठंड पडऩे लगी है, लेकिन जरूरतमंद लोगों को पता ही नहीं रहता है कि शहर में उन्हें रुकने की व्यवस्था कहां की गई है। खिरिया वार्ड में बनाए गए रैनबसेरा का प्रचार-प्रसार न होने से बाहर से आने वाले जरूरतमंद लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं रहती और न ही इन्हें कोई बताने वाला है। ठंड और गिरती ओस के बीच लोग मजबूरी में रात बिताते हैं।

समाजसेवी भी रहते हैं गायब
शहर में समाजसेवी बहुत हैं, लेकिन ठंड में लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आता है। यदि समाजसेवी रात के समय ऐसे लोगों को रैनबसेरा तक पहुंचाने में मदद करें, तो उन्हें कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे रात नहीं गुजारनी पड़ेगी।

रेलवे स्टेशन के पास भी खुले में सोते हैं लोग
रेलवे स्टेशन के आसपास भी खुले आसमान के नीचे सोते हुए लोग रात्रि में नजर आते हैं। हालांकि यहां बुकिंग ऑफिस के सामने तैयार किए गए डोम से लोगों को राहत मिली है, जिससे सिर छिपाने वहां जगह मिल जाती है, लेकिन दोनों तरफ से खुला होने के करण ठंडी हवाओं से निजात नहीं मिल पाती है।

बस स्टैंड पर प्रस्तावित है नया रैनबसेरा
नगर पालिका नया रैनबसेरा बस स्टैंड पर बनाने की तैयारी में हैं, जिससे लोगों को इसका लाभ मिल सके। क्योंकि यहीं दीनदयाल रसोई का भी निर्माण हो रहा है। लोगों को रहने और खाने की व्यवस्था रहेगी।

किया जाएगा प्रचार-प्रसार
खिरिया वार्ड स्थित सामुदायिक भवन को रैनबसेरा बनाया गया है और जल्द ही इसका प्रचार-प्रसार कर जरूरतमंदों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही रात में वाहन से लोगों को रैनबसेरा तक छोडऩे की व्यवस्था रहेगी, जिससे किसी को परेशानी न हो।
उपेन्द्र विश्वकर्मा, एनयूएलएम

Published on:
23 Nov 2025 11:46 am
Also Read
View All

अगली खबर