
बीना. खुरई रोड स्थित अनेकांत ज्ञान मंदिर श्रुतधाम परिसर में तीर्थंकर महावीर मुक्ताकाश समवशरण की रचना की गई है और प्राण-प्रतिष्ठा के लिए पंचकल्याणक महोत्सव व रथयात्रा महोत्सव 4 दिसंबर से शुरू होगा। यह आयोजन 17 दिसंबर तक चलेगा। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
श्रुतधाम के संस्थापक ब्रह्मचारी संदीप सरल ने बताया कि 41 हजार वर्गफीट में खुले आसमान में मुक्ताकाश समवशरण बनाया गया है, जो दुनिया का पहला समवशरण है। यहां भगवान की धर्म संसद लगती है और भगवान उदपदेश देते हैं। समवशरण बनने पर 4 दिसंबर से पंचकल्याणक एवं रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन मुनि सरलसागर महाराज, मुनि मंगलानंदसागर महाराज और मुनि मंगलसागर महाराज के सान्निध्य में होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव में प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। पंचकल्याणक महामहोत्सव में पाषाण को परमात्मा या प्राण प्रतिष्ठा का रूप दिया जाता है। आत्मा से परमात्मा, नर से नारायण, कंकड़ से शंकर बनने की पात्रता इस महामहोत्सव के माध्याम से प्राप्त होती है। कार्यक्रम में भारत सहित विदेशों के हजारों भक्त शामिल होंगे।
4 दिसंबर को ध्वाजारोहण और जाप्यानुष्ठान से महोत्सव प्रारंभ होगा। मंत्रों का जाप होगा और पर्यावरण को विशुद्ध बनाया जाएगा। 9 दिसंबर को दोपहर 1 बजे नाभिनंदन जैन मंदिर इटावा से श्रुतधाम तक घटयात्रा और श्रीजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। 10 दिसंबर को गर्भकल्याणक पूर्वरूप, 11 दिसंबर को गर्भकल्याणक उत्तररूप, 12 दिसंबर को जन्मकल्याणक, 13 दिसंबर को तप कल्याणक, 14 दिसंबर को ज्ञानकल्याणक, 16 दिसंबर को मोक्षकल्याणक एवं रथयात्रा और 17 दिसंबर को समवशरण मंदिर में स्वर्ण और रजत कलशों से महामस्तकाभिषेक होगा।
समवशरण में धूलिसाल कोट के बाहर भाग में चारों ओर जैन तत्वबोध की चित्रावली होगी और अंदर संग्रहालय रहेगा। चार मानस स्तंभ और 24 चैत्यप्रासाद-वेदियों की रचना, खातिका भूमि में जलप्रवाह और पदम सरोवर का निर्माण, लताभूमि में विभिन्न प्रकार की लताएं और सुगंधित पुष्प लगाए गए हैं, उपवन भूमि में अशोक, सप्तपर्ण, चंपक, पारिजात और आम्रवृक्ष वनों में चैत्यवृक्ष लगाए गए हैं। ध्वजभूमि में सिंह, गज सहित दस प्रकार के चिह्नों से सुशोभित 108 ध्वजाएं, कल्पवृक्ष भूमि में विभिन्न प्रकार के कल्पवृक्ष और सिद्धायतन, भवन भूमि में भवन और स्तूप जिनालय निर्मित हैं। प्रतिदिन तीनों संधिकालों में प्रभु की दिव्यध्वनि सुनाई देगी।