सागर

बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग से ट्रेनें प्रभावित, निरस्तीकरण और रीशेड्यूल से यात्री परेशान

मेमू और पैसेंजर ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर, समय पर स्टेशन पहुंचने के बाद भी यात्रियों को करना पड़ रहा इंतजार, बीना और अन्य स्टेशनों से अपडाउन करने वाले भी परेशान
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Trains affected by yard remodeling at Bina station; passengers inconvenienced by cancellations and rescheduling
ट्रेनों में हो रही भारी भीड़। फोटो-​पत्रिका

बीना. बीना जंक्शन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। रेलवे द्वारा कार्य के अलग-अलग चरणों में कई ट्रेनों को निरस्त करने के साथ कुछ ट्रेनों को घंटों रीशेड्यूल कर चलाया जा रहा है। इससे बीना से रोजाना अपडाउन करने वाले यात्रियों के साथ अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनें समय पर नहीं मिलने से उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो रही है।
यार्ड रीमॉडलिंग का सबसे ज्यादा असर स्थानीय यात्रियों के आवागमन पर दिखाई दे रहा है। सागर, गुना और भोपाल की ओर जाने वाली मेमू ट्रेनों को कहीं निरस्त किया गया है, तो कहीं आंशिक रूप से निरस्त कर संचालित किया जा रहा है। इसके कारण नौकरी, व्यवसाय और पढ़ाई के लिए रोजाना यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शनिवार को दमोह जाने वाले स्कूली बच्चों का समूह भी परेशान हुआ। बच्चों का समूह निर्धारित समय के अनुसार सुबह करीब 10 बजे बीना स्टेशन पहुंच गया था। स्टेशन पहुंचने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि बीना-कटनी मेमू को करीब ढाई घंटे रीशेड्यूल किया गया है। इसके चलते बच्चों और उनके साथ आए लोगों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। अभी यह स्थिति 15 अक्टूबर तक बनी रहेगी।

कई ट्रेनों पर पड़ा असर


यार्ड रीमॉडलिंग के चलते शनिवार को नागदा-बीना एक्सप्रेस और श्रीधाम एक्सप्रेस निरस्त रहीं। वहीं, गोंडवाना एक्सप्रेस करीब 3 घंटे 7 मिनट, अमृतसर एक्सप्रेस 5 घंटे 31 मिनट और पातालकोट एक्सप्रेस करीब 4 घंटे 54 मिनट देरी से रीशेड्यूल होकर चली। बीना-दमोह पैसेंजर का संचालन मालखेड़ी स्टेशन से किया गया। बीना-कटनी मेमू को भी करीब ढाई घंटे रीशेड्यूल किया गया। यात्रियों का कहना है कि रेलवे द्वारा कार्य के कारण ट्रेनों में किए जा रहे बदलावों की जानकारी समय से मिलना जरूरी है, ताकि वह अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बना सकें।

यह रही ट्रेनों की स्थिति


नागदा-बीना एक्सप्रेस - निरस्त
श्रीधाम एक्सप्रेस - निरस्त
गोंडवाना एक्सप्रेस - 3 घंटा 7 मिनट
बीना-दमोह पैसेंजर - मालखेड़ी स्टेशन से संचालित
अमृतसर एक्सप्रेस - 5 घंटा 31 मिनट
पातालकोट एक्सप्रेस - 4 घंटा 54 मिनट
बीना-कटनी मेमू - 2.30 मिनट रीशेड्यूल

Updated on:
27 Sept 2026 12:12 pm
Published on:
27 Sept 2026 12:12 pm