प्री-मानसून की एक्टिविटी अब कम हो जाएंगी, क्योंकि आद्र्रता भी नहीं मिल रही है।
सागर. शहर में हुई प्री मानसून की बारिश के बाद अब फिर गर्मी लोगों को परेशान करेगी और तापमान में उछाल आएगा। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर में बन रहा सिस्टम कमजोर हो गया है, इसलिए सागर में बारिश की संभावना अभी लगभग १० दिनों तक नहीं है। प्री-मानसून की एक्टिविटी अब कम हो जाएंगी, क्योंकि आद्र्रता भी नहीं मिल रही है।
मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि मानसून का आशय हवा की दिशाओं से होता है। हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी होना चाहिए, जो अभी नहीं है। साथ ही अरब सागर में लो-प्रेशर, हवा की ऊपरी चक्रवात जैसा कोई सिस्टम नहीं बन रहा है, जो मानसून को आगे बढ़ाए।
३६ पर पहुंचा तापमान
प्री-मानसून की वजह से शहर के तापमान में गिरावट आई थी। मंगलवार को अधिकतम तापमान ३६.० और न्यूनतम तापमान २२.६ डिग्री पर पहुंच गया। २४ घंटे पहले सोमवार का अधिकतम तापमान ३५.० और न्यूनतम तापमान २१.५ डिग्री दर्ज किया गया।
देहार नदी में डूबा सिपाही का बेटा
सागर. रानगिर में देहार नदी में डूबने से मंगलवार को पुलिस आरक्षक के करीब १३ वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वह परिजनों के साथ रानगिर गया था। मोतीनगर थाने में तैनात आरक्षक रविन्द्र पंवार का बेटा निहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रानगिर गया था। वहां नदी में नहाते समय उसका पांव फिसल गया और गहराई में चला गया। जब तक वहां नहा रहे लोग उसे बचाने के लिए वहां पहुंचे तब तक वह डूब चुका था।
गोहरे ने मचाई खलबली
सागर. मकरोनिया चौराहे पर मंगलवार को एक दुकान में घुसे गोहरे ने हड़कंप मचा दिया। गोहरे को देख अफरा-तफरी मच गई और लोग यहां-वहां भागने लगे। इस बीच वहां पहुंचे नरेंद्र ठाकुर और प्रेम ने गोहरे को पकड़ा और उसे बाहर लाए। उसके पकड़े जाने के बाद लोगों का भय कम हुआ। लेकिन तब तब चौराहे के पास लोगों का मजमा लगा रहा।