कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने किया निरीक्षण, एसडीएम के निर्देश पर की जा रही कार्रवाई
बीना. शहर और ग्रामीण क्षेत्र की तीन राशन दुकानों, गैस एजेंसी का निरीक्षण एसडीएम विजय डेहरिया के निर्देश पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सौरभ यादव ने मंगलवार को किया, जिसमें एक दुकान खुली मिली और दो बंद पाई गईं।
नानक वार्ड स्थित दुकान में स्टॉक वितरण और इ-केवायसी की जानकारी ली। साथ ही साफ गेहूं व चावल वितरित न करने पर दुकानदार को फटकार लगाई और समय से दुकान खोलकर सभी उपभोक्ताओं को राशन वितरित करने के निर्देश दिए। वहीं, शिवाजी वार्ड और किर्रावदा की राशन दुकान बंद मिली, जिसपर पंचनामा कार्रवाई करते हुए संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।
गैस एजेंसी के संचालन में बरत रहे लापरवाही
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने भारत गैस एजेंसी का भी निरीक्षण कर दस्तावेजों की जांच का स्टॉक का मिलान किया। पूर्व में गैस एजेंसी की शिकायतें आने पर एसडीएम ने जांच कर उचित संचालन के लिए निर्देश दिए थे, लेकिन फिर भी लापरवाही की जा रही है। संचालक को हिदायत दी गई है कि सिलेंडर का वितरण शहर से बाहर से किया जाए। कयोंकि एजेंसी से ही सिलेंडरों का वितरण पाया गया है, होम डिलेवरी नहीं की जा रही थी। विभिन्न स्थानों पर सिलेंडर मिलने पर संचालक से पूछने पर बताया गया कि हितग्राहियों को वितरित होने जा रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं पाया गया। गोदाम की जांच करने पर भी कमियां पाई गईं। जांच प्रतिवेदन बनाकर एसडीएम को सौंपा जाएगा।