कहा भाजपा ने किसानों का किया है अपमान, इसलिए कांग्रेस ने सम्मान किया
बीना. फसल बीमा राशि किसानों के खातों में डाली जा रही है, लेकिन न के बराबद आई राशि देखकर किसानों में आक्रोश है। गुुरुवार को कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन कर विरोध जताया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
किसान उदय सिंह, वीरेन्द्र ठाकुर की प्रीमियम राशि ज्यादा कटी है और बीमा राशि उससे भी कम आई है, इसलिए इन दोनों किसानों को माला पहनाकर कार में बैठाया गया। साथ ही वह हाथों में तख्ती लिए थे, जिसपर प्रीमियम और बीमा राशि लिखी थी। स्टेशन रोड से जुलूस सर्वोदय चौराहे पहुंचा, जहां प्रदर्शन किया गया। किसान नेता इंदर सिंह ने कहा कि 8 किसानों को 208 रुपए की राशि दी गई है और इतनी कम राशि देकर भाजपा ने किसानों का अपमान किया है। जबकि प्रीमियम कई गुना ज्यादा काटा गया है। इसलिए राशि कम मिलने वाले किसानों के सम्मान में यह जुलूस निकाला गया। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों सरकारें ही किसान विरोधी हैं, जिससे किसान परेशान हैं। फसलें बर्बाद होने पर भी उन्हें बीमा राशि नहीं दी जा रही है। विधायक ने भी कांग्रेस पार्टी छोडकऱ भाजपा में जाते समय कहा था कि वह किसानों के हित में कांग्रेस छोड़ रही हैं, लेकिन वह भी बीमा राशि नहीं दिला पाईं। इस अवसर पर श्याम व्यास, कल्यान सिंह, मोतीलाल, राजकुमार, जाहर सिंह, वीरन पटेल, रवि, जसवंत सिंह आदि उपस्थित थे।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने बीमा राशि पूरी न देने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। क्योंकि बीमा कंपनी और सरकार दोनों किसानों से धोखा कर रही हैं, जो नुकसान होता है उसकी राशि कभी नहीं दी जाती है।