सागर

टीका लगवाने पहुंची तीन माह की बालिका की मौत, जानिए क्या कहा परिजन ने

टीका लगने के बाद बिगड़ी थी हालत, पुलिस ने जांच में लिया मामला,

2 min read
Apr 06, 2018
Vaccination of three months girl's death

सागर. शाहपुर स्वास्थ्य केंद्र में टीका लगवाने के बाद तीन माह की बालिका की मौत का मामला सामने आया है। बालिका टीका लगने के कुछ ही समय बाद बेसुध हो गई थी, उसे परिजन तुरंत बीएमसी लाए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने मासूम के शव के पोस्टमार्टम के बाद मामला जांच में ले लिया है।

बीएमसी चौकी पुलिस के अनुसार शाहपुर चौकी के धुरा गांव के भागीरथ अहिरवार की पत्नी चंदा तीन माह की बेटी चांदनी को टीका लगवाने के लिए शाहपुर लाई थी। पीएचसी में एएनएम द्वारा टीका लगाए जाने के कुछ देर बाद ही चांदनी बेहोश हो गई। इससे परिजन घबरा गए। बच्ची की हालत बिगड़ती देख उसे तुरंत सागर भेज दिया गया, लेकिन बीएमसी में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बच्ची की मौत के लिए टीका लगाने में हुई गड़बड़ी को जिम्मेदार ठहराया, जिसके बाद डॉक्टर की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
एएनएम ने नहीं लगाया था टीका
सीएमएचओ इंद्रराज सिंह का कहना है कि पीएचसी में महिला बच्ची को टीका लगवाने गई थी। बच्ची जुड़वा हुई थी और उसका वजन १ किलोग्राम था। सामान्य से कम वजन होने के कारण एएनएम ने टीका नहीं लगाया, लेकिन बच्ची पहले से बीमार थी और इसी कारण उसे सागर भेजा गया था लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पोस्टमार्टम कराया है जो भी स्थिति होगी रिपोर्ट में सामने आ जाएगी।

प्रेमी युगल ने साथ खाया जहर, युवक ने तोड़ा दम
सागर/ खुरई. खुरई में बुधवार देर रात प्रेमी-प्रेमिका ने समाज के बंधनों से परेशान होकर जहर खा लिया। एक साथ जीने की कसमें टूटती दिखने से परेशान युवक देर रात को युवती के घर पहुंचा और दोनों ने साथ में जहर खा लिया। हालत बिगडऩे पर दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं युवती को गंभीर हालत में बीएमसी में भर्ती कराया गया है। खुरई पुलिस के अनुसार चंद्रशेखर वार्ड निवासी राहुल श्रीवास्तव (२२) का सागर नाका स्थित दुबे कॉलोनी की एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उनके प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को भी थी, लेकिन अलग-अलग समाज के होने से दोनों के परिजन रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। सामाजिक बाधाओं से परेशान राहुल बुधवार रात शराब पीकर युवती के घर पहुंचा। वह काफी देर तक प्रेमिका के साथ बैठकर बातें करता रहा और फिर दोनों ने एक साथ जहर खा लिया। इसके बाद राहुल दोस्त की मदद से घर आ गया।
मिलनसार था राहुल, युवती का चल रहा उपचार
घर पहुंचते ही राहुल हालत बिगड़ी तो परिजन तुरंत सिविल अस्पताल ले गए, जहां उसके जहर खाने की बात सामने आने पर उपचार शुरू किया गया लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी सांस थम गई। बताया जाता है कि राहुल मोहल्ले का मिलनसार लड़का था लेकिन पारिवारिक स्थिति मजबूत नहीं थी और वह बेरोजगार था। इधर, युवती की हालत बिगडऩे पर परिवार के सदस्य उसे भी अस्पताल लाए, जहां से उसे सागर रेफर कर दिया गया। युवती को बुधवार देर रात मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।

Published on:
06 Apr 2018 04:59 pm
Also Read
View All