सहारनपुर

भाजपा नेता की हत्या, सिर के बीचो-बीच मारी गोली, इलाके में फैली सनसनी

सहारनपुर में भाजपा नेता धर्म सिंह की घर के पीछे चारपाई पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह चाय देने पहुंची बहू ने शव देखा तो चीख पड़ी। परिवार ने किसी रंजिश से इनकार किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर तीन टीमें जांच में लगाई हैं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 8 Nov 2025, 11:17 AM IST
Saharanpur
फोटो सोर्स पत्रिका

सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में शुक्रवार रात भाजपा नेता धर्म सिंह (65) की गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी गई। उनका शव शनिवार सुबह घर के पीछे चारपाई पर पड़ा मिला। सबसे पहले बहू चाय देने पहुंची तो उसने रक्तरंजित शव देखा और शोर मचा दिया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

नकुड़ थाना क्षेत्र के डिडौली गांव में रहने वाले धर्म सिंह घर के पीछे बने बाड़े में रोज की तरह सोने गए थे। सुबह करीब 6.45 बजे बहू चाय लेकर पहुंची तो चारपाई पर पड़े खून से लथपथ शव को देखकर घबरा गई। उसकी चीख सुनकर परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

धर्म सिंह भाजपा के अंबेहटा मंडल के उपाध्यक्ष थे। उनका बेटा सुशील भी मंडल महामंत्री है। परिवार के मुताबिक रात करीब 9 बजे तक धर्म सिंह पूरी तरह सामान्य थे और तब किसी तरह का विवाद नहीं था। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में उस रात बारात होने की वजह से फायरिंग की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।

Updated on:
8 Nov 2025, 11:17 AM IST
Published on: