सहारनपुर

‘यूपी में कानून नहीं, बंदूक का राज’: सहारनपुर में चंद्रशेखर आजाद संग बोले ओवैसी- भाजपा को रोकने का यही एकमात्र विकल्प

Aazad Samaj Party AIMIM UP Election: आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सहारनपुर में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान ओवैसी ने कहा है कि जो पॉलिटिक्स हो रही है, वह पूरी तरह से शोषण की पॉलिटिक्स है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 3:20 PM IST
Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद (Photo IANS)

Chandrashekhar Azad Asaduddin Owaisi Alliance: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति को तेज कर दिया है। आगामी चुनाव को लेकर बीते दिनों AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष व नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम से गठबंधन किया है। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने सहारनपुर में शनिवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का नहीं बल्कि बंदूक का राज चल रहा है। प्रदेश की जनता बीजेपी से परेशानी हो चुकी है। यूपी विधानसभा चुनाव में दोनों दल मिलकर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं।

'मस्जिदों-मदरसों पर बुलडोजर और डर का माहौल'

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि जो पॉलिटिक्स हो रही है, वह पूरी तरह से शोषण की पॉलिटिक्स है। उत्तर प्रदेश में आप देख सकते हैं कि हमारे मुख्यमंत्री कैंडिडेट ने कैसे कहा है कि यहां कानून का राज नहीं, बल्कि बंदूक का राज है। चाहे फुल एनकाउंटर हो या हाफ एनकाउंटर, मस्जिदों और मदरसों को निशाना बनाने वाले बुलडोजर हों, या डर और धमकी का माहौल हो, ये सब चिंता की बात है।

ओवैसी ने भरी हुंकार, महंगाई-बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए हैदराबाद के सांसद ने कहा कि महंगाई तेजी से बढ़ रही है और कीमतें आसमान छू रही हैं। किसान परेशान हैं, जबकि युवाओं का भविष्य बेरोजगारी में बदल गया है। इसलिए इस फ्रंट को एक मज़बूत और पॉलिटिकल विकल्प के तौर पर बनाना बहुत ज़रूरी था। हमें भरोसा है कि यह फ्रंट बड़ी कामयाबी हासिल करेगा।

'भाजपा की तीसरी बार वापसी रोकने को तैयार है हमारा फ्रंट'

ओवैसी ने आगे कहा कि मुझे भरोसा है कि यह मैसेज उन वोटर्स तक पहुंच गया है जो नहीं चाहते कि BJP या योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आए। उन्हें एहसास हो गया है कि यही एक मज़बूत पॉलिटिकल फ्रंट है जो BJP को रोक सकता है और उत्तर प्रदेश में इंसाफ़ दिला सकता है। यह राज्य के किसानों, युवाओं और महिलाओं की उम्मीदों को पूरा कर सकता है।

Updated on:
21 Nov 2026, 3:20 PM IST
Published on: