फर्जी आधार कार्ड और राशन कार्ड के बाद फर्जी आय प्रमाण पत्र भी मिले छापेमारी में
सहारनपुर। इस्लामिक शिक्षा के केंद्र देवबंद में पासपोर्ट एजेंट के पास पुलिस की फर्जी मोहर मिलने की घटना सामने आई है। इस घटना ने सभी को चौंका दिया है। तीन दिन पहले देवबंद में एटीएस ने छापेमारी करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था। शुक्रवार-शनिवार की रात एक बार फिर देवबंद में एटीएस की छापेमारी की बात सामने आ रही है। खबर है कि इस दौरान एटीएस ने चार और लोगों को हिरासत में भी लिया है लेकिन आधिकारिक रूप से इसकी कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। सहारनपुर एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि देवबंद में पासपोर्ट बनवाने वाले लोगों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। उनके कंप्यूटर देखे जा रहे हैं और जो भी संदिग्ध लोग सामने आ रहे हैं उन्हें चिन्हित कर उनसे पूछताछ की जा रही है। इन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
दरअसल शुक्रवार को दर्जनभर जनसुविधा केंद्र समेत ऑनलाइन पासपोर्ट बनाने वाले दलालों के यहां देवबंद पुलिस ने छापेमारी की थी। इस दौरान यह बात साफ हो गई है कि इन दलालों के यहां आधार कार्ड, राशन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात फर्जी बनाए जाते हैं। सहारनपुर एसएसपी बबलू कुमार ने भी इसकी पुष्टि की है कि छापेमारी के दौरान फर्जी आधार कार्ड और राशन कार्ड मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने शकील नाम के एक पासपोर्ट एजेंट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जाता है कि शकील का कार्यालय कोतवाली देवबंद के पास ही था और इसके पास से दर्जन भर से अधिक फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र भी बरामद हुए हैं। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस दौरान पुलिस की मोहर भी इन लोगों के पास मिलने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद देवबंद के सभी पासपोर्ट एजेंट की छानबीन की जा रही है और अब सहारनपुर के पासपोर्ट एजेंटों को भी चिन्हित करना शुरू कर दिया गया है।
यह भी जानिए
फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में एटीएस की छापेमार कार्रवाई से देवबंद में हड़कंप मचा हुआ है। फर्जी पासपोर्ट के आरोप में मुजफ्फरनगर के कुटेसरा से पुलिस ने वर्ष 2017 में संदिग्ध आतंकी अब्दुल्ला की गिरफ्तारी की थी और उसके बाद से ही देवबंद एटीएस की रडार पर है। इस घटना के बाद से अब तक देवबंद में कई बार एटीएस की छापेमारी हो चुकी है। दो दिन पहले एटीएस ने देवबंद से ही फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में मोहल्ला पठानपुरा निवासी एहसान और किला में रहने वाले वसीम को गिरफ्तार कर लिया था। बताया जा रहा है कि इस गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार व शनिवार की रात एक बार फिर से एटीएस ने देवबंद में छापेमारी की। यहां से चार संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया लेकिन आधिकारिक रूप से इस छापेमारी और हिरासत में लिए गए युवकों की घटना की पुष्टि नहीं की जा रही है। देवबंद पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि सहारनपुर पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की थी लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।