
Saharanpur News सहारनपुर के एक कारोबारी ने बेटे की दुल्हन को लाने के लिए दूसरे व्यापारी से कार उधार मांग ली। शादी में शान से व्यापारी का बेटा 75 लाख रुपये कीमत की लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार से पहुंचा और दुल्हन को लेकर घर लौट आया। सब कुछ ठीक से हुआ लेकिन आराोप है कि बाद में व्यापारी के बेटे का कार पर दिल आ गया और उसने कार वापस नहीं की। कार मालिक संजीव कपूर का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी कार मांगी तो व्यापारी ने साफ इंकार कर दिया। सिर्फ इंकार ही नहीं किया बल्कि दोबारा कार मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली। पुलिस ने अब व्यापारी के बेटे को नोएडा से इसी लग्जरी कार के साथ गिरफ्तार किया है।
मामला सहारनपुर के चर्चित व्यापारी नवीन मित्तल और उनके बेटे वंश मित्तल से जुड़ा है। मिशन कंपाउंड निवासी व्यवसायी संजीव कपूर ने पुलिस को बताया कि, उन्होंने अपनी फर्म के नाम पर करीब 75 लाख रुपये मूल्य की नई बीएमडब्ल्यू कार खरीदी थी। व्यापारी ने यह भी बताया कि जब उन्होंने गाड़ी खरीदी तो नवीन मित्तल ने डीलर से रियायत करवाई थी। इतना ही नहीं नोएडा में ही कार का रजिस्ट्रेशन कराने में सहायता भी की थी। व्यापारी के मुताबिक उन्हे जैसे ही कार की डिलीवरी मिली तो नवीन मित्तल के बेटे वंश ने कहा कि उसे दुल्हन को घर लाना है। शादी है इसलिए कुछ दिन के लिए कार दे दें। वह नई कार में दुल्हन को लाना चाहता है।
व्यापारी ने बताया कि वह इस परिवार को पहले से जानते थे। नवीन के बेटे ने शादी के लिए कार मांगी थी तो सामाजिक लिहाज से कार दे दी थी। उस समय वंश ने कहा था कि शादी के बाद कार वापस कर देगा लेकिन शादी होने के बाद भी कार वापस नहीं की। कार कहां जा रही है कितनी चल रही इसकी जानकारी कार मालिक को ना हो इसके लिए आरोपियों ने कार का फास्टैग भी बदल लिया। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उसकी 75 लाख रुपये कीमत की गाड़ी हड़प ली और वापस देने से साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं जब उन्होंने दोबारा से अपनी गांड़ी वापस मांगी तो आरोपियों ने साफ कह दिया कि गाड़ी को भूल जाओ। आरोपों के अनुसार धमकी भी दी कि यदि दोबारा कार मांगी तो ठीक नहीं हेगा।
इसके बाद पीड़ित व्यापारी कोतवाली सदर बजार पहुंचा और पुलिस को पूरी कहानी बताते हुए FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने इसी मामले में आरोपी की तलाश कर रही थी। अब पुलिस ने आरोपी को नोएडा से कार समेत गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।