Saharanpur Encounter News: यूपी के सहारनपुर में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश एहसान को मुठभेड़ में मार गिराया है। इस भारी गोलीबारी में एक इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी घायल हुए हैं। मारे गए बदमाश पर लूट समेत करीब 13 मुकदमे दर्ज थे।
Saharanpur Ehsan killed In Encounter: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एहसान को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं, एक इंस्पेक्टर और सिपाही भी घायल हो गए हैं।
मुठभेड़ करीब 4 बजे सरसावा-चिलकाना के बीच डूमवाला गांव के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं। थाना सरसावा क्षेत्र के पिलखनी और डूमवाला गांव के बीच पुलिस चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी बीच पिलखनी से डूमवाला जाने वाले रास्ते पर पुलिस का सामना इन बदमाशों से हो गया। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में एक बदमाश को गोलियां लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, इस बदमाश की पहचान एहसान पुत्र रियासत के रूप में हुई है जो नकुड़ थाने के गांव कपूरी का रहने वाला था। एहसान के सीने और पैर में गोली लगी है। एहसान पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह नकुड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर लूट व हत्या के प्रयास समेत करीब 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
बदमाशों की तरफ से की गई अंधाधुंध फायरिंग में पुलिस टीम के दो सदस्य भी घायल हुए हैं। सरसावा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश शर्मा के बाएं हाथ में दो गोलियां लगी हैं। इसके अलावा हेड कांस्टेबल सोनू भी इस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का जायजा लिया। पूरे इलाके की सख्त घेराबंदी कर ली गई है और फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों तथा गांवों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।