
शिवमणि त्यागी/सहारनपुर. सहारनपुर जिले में अभी तक भले ही लोग पुलिस के डर से हेलमेट लगाते रहे हों, लेकिन अब उन्हें पुलिस नहीं, बल्कि पत्नी के डर से हेलमेट लगाना होगा। एसएसपी बबलू कुमार के निर्देशों के बाद ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट अभियान को करवा चौथ के त्यौहार से जोड़ दिया है। उन्होंने महिलाओं से अपील की गई है कि करवाचौथ के दिन जब महिलाएं अपने पतियों की लंबी आयु के लिए व्रत रखें तो इसी व्रत में वह अपने पतियों से सुरक्षित सफर का वचन भी लें। इस दौरान वह अपने पतियों से कहें कि लंबी आयु के लिए वह हमेशा दुपहिया वाहन पर हेलमेट लगाकर ही चलेंगे। यानी साफ है कि सहारनपुर जिले में अब लोग पुलिस के डर से नहीं, बल्कि पत्नी की वजह से दुपहिया वाहनों पर हेलमेट लगाकर निकलेंगे।
सहारनपुर जिले में अब तक हेलमेट को लेकर जितने भी अभियान चले हैं, उनमें से एक भी अभियान सफल नहीं हो सका है। इसका सबसे बड़ा कारण यही रहा कि आज भी जिले में लोग हेलमेट केवल पुलिस के डर से लगाते हैं। उन्हें यह आशंका रहती है कि अगर हेलमेट पहनकर नहीं चले तो पुलिस किसी चौराहे पर उनको रोक लेगी और चालान काट दिया जाएगा। लोगों की यही सोच हर बार हेलमेट के अभियान को फेल कर देती है।
जब तक शहरवासी खुद हेलमेट की महत्वता को समझकर हेलमेट पहनना शुरू नहीं करेंगे और इसे अपने जीवन की सुरक्षा का अभिन्न अंग मानकर स्वीकार नहीं करेंगे, तब तक कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता। इसी सोच के साथ इस बार सहारनपुर एसएसपी बबलू कुमार ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए हैं कि हेलमेट अभियान को करवा चौथ के व्रत से जोड़ दिया जाए और महिलाओं से ये अपील की जाए कि करवा चौथ के व्रत पर जब महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखें तो उसी दौरान वह अपने पतियों से हेलमेट लगाकर ही दुपहिया वाहन चलाने का वचन भी लें।
आप सोच रहे होंगे कि आखिर महिलाएं यह अपील कैसे करेंगी तो इसके लिए सहारनपुर पुलिस जिले की सुहागिनों से अपीकरेगी और हेलमेट कितना जरूरी है। यह बताते हुए महिलाओं से यह कहा जाएगा कि वह करवा चौथ के दिन अपने पतियों से कहें कि वह हमेशा हेलमेट पहन कर चलें। पुलिस इस दौरान महिलाओं को यह भी बताने की कोशिश करेगी कि हेलमेट किस तरह से उनके पतियों की सड़क दुर्घटना में जान बचाने में मददगार हो सकता है और हेलमेट लगाने से किस तरह जीवन की रक्षा होती है। इस दौरान कुछ ऐसे पुरानी घटनाओं का जिक्र भी किया जाएगा, जिनमें लोगों की इसलिए मौत हो गई। क्योंकि, उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था और उनके सिर में गहरी चोट आने से उनका जीवन नहीं बच सका।
महिलाओं को जागरुक करने के लिए सहारनपुर पुलिस ने बुधवार से ही जिले में या अभियान शुरू कर दिया है और इस अभियान के तहत केवल महिलाओं को ही नहीं, बल्की पुरुषों को भी जागरुक किया जा रहा है। पुरुषों से यह अपील की जा रही है कि वह करवा चौथ पर जब अपनी पत्नी के लिए साड़ी खरीदने जाएं तो अपने लिए एक हेलमेट भी खरीदें और यह हेलमेट पत्नी को दिखा कर बताएं कि वह अब हमेशा हेलमेट लगाकर ही दुपहिया वाहन पर चलेंगे और अपने जीवन की सुरक्षा के लिए भी सजग रहेंगे।