
सहारनपुर। ‘हमारी गाड़ी गंदी हो जाएगी’, यह कहकर घायलों को अस्पताल ले जाने से मना कर देने और समय पर इलाज नहीं होने से युवकों की मौत हो जाने की घटना अभी पुरानी नहीं हुई थी कि सहारनपुर में एक बार फिर यूपी 100 पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों का आमानवीय चेहरा सामने आया है। इस बार रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में घायल हुए एक व्यक्ति को यूपी 100 पीआरवी टीम ने सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाने को मना करने का आरोप है।
इलाज के अभाव में घायल दो व्यक्तियों में से एक की मौत हो गई। व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद रामपुर मनिहारान पुलिस दूसरे घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जिसका सहारनपुर के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अब यही माना जा रहा है कि यदि यूपी 100 पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी समय पर इस घायल को जिला अस्पताल ले कर चल देते तो शायद इसकी जान बच सकती थी। मृतक की पहचान ननोता निवासी 28 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। रवि की मौत के बाद से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह है पूरा मामला
यह घटना बुधवार देर रात की है। दिल्ली रोड़ पर एक सड़क दुर्घटना हुई जिसमें 2 लोग घायल हो गए। काफी देर तक यह दोनों सड़क पर ही पड़े तड़पते रहे। कुछ देर बाद यहां से पावर कॉरपोरेशन की विजिलेंस टीम गुजरी तो इस टीम ने दोनों घायलों को रामपुर मनिहारान सीएचसी तक पहुंचा दिया। सीएचसी पर दोनों को केवल प्राथमिक उपचार मिल सकता था। प्राथमिक उपचार देने के बाद इन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जाना था और सीएससी पर ही यूपी 100 पुलिस टीम तैनात थी। आरोप है कि डॉक्टरों ने और वहां मौजूद अन्य लोगों ने यूपी 100 टीम से इन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाने की गुजारिश की तो पुलिसकर्मियों ने मना कर दिया और कह दिया कि 108 एंबुलेंस को फोन कर लें। यह काम 108 एंबुलेंस का है यूपी 100 का नहीं।
जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस को बुलाने में काफी समय लग गया और इस दौरान गंभीर रूप से घायल नानोता निवासी 28 वर्षीय रवि की मौत हो गई। लोगों की मानें तो एंबुलेंस को बुलाने के चक्कर में करीब 45 मिनट यह घायल सीएचसी पर ही तड़पता रहा। बाद में मौके पर पहुंचे रामपुर मनिहारान पुलिस दूसरे घायल को जिला अस्पताल लेकर गई जिला अस्पताल में दूसरे घायल का उपचार चल रहा है लेकिन रवि की मौत हो गई।
3 माह पहले हुई थी यह घटना
करीब 3 माह पहले यूपी 100 पुलिस टीम का ही एक अमानवीय चेहरा सहारनपुर में सामने आया था। सहारनपुर शहर के मोहल्ला मंगल नगर में बाइक पर सवार दो युवकों का एक्सीडेंट हो गया था। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने उस समय यह कहकर इन दोनों को अस्पताल ले जाने से इंकार कर दिया था कि उनकी गाड़ी गंदी हो जाएगी। इस तरह दोनों घायलों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद यूपी 100 पुलिस कि इस पीआरवी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था और सहारनपुर एसएसपी बबलू कुमार ने जिलेभर की यूपी 100 पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए थे कि मानवता ही उनका सबसे प्रथम कार्य है।
एसएसपी सहारनपुर बबलू कुमार का यही कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है यदि यूपी हंड्रेड प्यार भी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही रही है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।