
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
सहारनपुर ( Saharanpur ) गंगा जमुनी तहजीब के पोषक शहर कहे जाने वाले सहारनपुर की यह घटना आपको हैरान कर देगी। यहां एक महिला को निकाह के महज तीन दिन बाद ही तीन तलाक ( tripal talaq ) दे दिया गया। पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताते हुए कार्यवाही की मांग की है।
यह घटना सहारनपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहल्ला हबीब गढ़ की है। इसी मोहल्ले की रहने वाली पीड़ित महिला ने बताया कि 29 जनवरी 2021 को हबीबगढ़ के ही रहने वाले एक युवक के साथ उसका निकाह हुआ था। पीड़िता के अनुसार निकाह के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो तीन दिन बाद उसे पता चला कि उसके पति पहले से ही शादीशुदा है। उसकी पहली पत्नी भी ससुराल में ही रह रही है जिसे तीन दिन तक छुपाए रखा गया। तीन दिन बाद जब पीड़िता को इस बात का पता चला तो उसने विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर नव विवाहिता के साथ मारपीट की की गई और तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया गया।
इस घटना के बाद पीड़ित महिला अपने परिजनों के साथ महिला थाने पहुंची और पति समेत ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी सरिता सिंह ( Saharanpur Police ) का कहना है कि पीड़िता की ओर से तहरीर आई है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।