सहारनपुर

खबर का असरः सहारनपुर जिला अस्पताल में एक पिता को कंधे पर बेटी को ले जाने को मजबूर करने वाला वार्ड ब्वॉय सस्पेंड

पूरे अस्पताल में बदला गया वार्ड ब्वॉय की ड्यूटी का शेड्यूल, नई गाइडलाइन भी जारी    
2 min read
• •
Updated: 28 Sep 2017, 9:04 PM IST
Impact of news

शिवमणि त्यागी/सहारनपुर. मानवता शर्मसार: अस्पताल में नहीं मिला स्ट्रेचर तो बीमार बेटी को कंधे पर लादकर ले गया बूढ़ा पिता शीर्षक से प्रकाशित पत्रिका उत्तर प्रदेश की खबर ने सहारनपुर जिला अस्तपताल में हड़कंप मचा दिया है। इस खबर के प्रकाशित होने के बाद सहारनपुर जिला अस्पताल में फैली अवस्था जग जाहिर हो गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले में जांच बैठाते हुए लापरवाही बरतने वाले वार्ड ब्वॉय धूम सिंह को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही सस्पेंड वार्ड ब्वॉय के खिलाफ जांच बैठा दी गई है। इस घटना के दौरान जिन अन्य वार्ड ब्वॉय की ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में थी, उन सभी से भी जवाब मांगा गया है। इतना ही नहीं, जिला अस्पताल के सभी वार्डों में तैनात वार्ड ब्वॉय की ड्यूटी बदल दी गई हैं । वार्ड ब्वॉय के कार्यों को लेकर दोबारा से गाइडलाइन जारी करते हुए अस्पताल प्रशासन ने खुले शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि किसी तरह की लापरवाही बरती गई तो सीधी कार्रवाई की जाएगी।

खबर प्रकाशित होते ही मचा हड़कंप
पत्रिका उत्तर प्रदेश पर सहारनपुर जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय की लापरवाही की यह खबर प्रकाशित होने के कुछ ही देर बाद जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। प्रमुख अधीक्षक खुद उस वार्ड में पहुंचे, जहां इस बीमार युवती फाजिया का उपचार चल रहा था। प्रमुख अधीक्षक ने पहले लड़की से उसकी तबियत और अब तक मिले उपचार की जानकारी ली। इसके बाद बीमार युवती के पिता के बयान लिए। इस परिवार के सदस्यों से पूरी घटना के बारे में जानकारी लेने के बाद रात में ही इस मामले में जांच बैठा दी गई। जांच में धूम सिंह नाम के वार्ड ब्वॉय की लापरवाही सामने आने पर उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। इस घटना के बाद जिला अस्पताल के सभी वार्ड ब्वॉय को चेतावनी जारी कर दी गई है कि यदि उन्होंने अपने कार्य में जरा भी लापरवाही बरती या अस्पताल आने वाले गंभीर रोगियों और घायलों को स्ट्रेचर और अन्य जरूरी मदद नहीं मिली तो उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।


जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान
पत्रिका की खबर प्रकाशित होने के कुछ ही देर बाद सहारनपुर जिला अधिकारी पीके पांडेय ने इस लापरवाही पर जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक सत्य सिंह से जवाब मांग लिया। इसके बाद जिला अस्पताल में जैसे हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी के संज्ञान लेने के बाद अस्पताल प्रशासन ने इस मामले में जांच बैठाते हुए यह कार्रवाई की है।


ये भी किए गए ड्यूटियाें में बदलाव
पत्रिका की यह खबर प्रकाशित होने के बाद सहारनपुर जिला अस्पताल में वर्षाें से एक ही वार्ड मे ड्यूटी कर रहे वार्ड बॉय की ड्यूटियां बदल दी गई हैं। पूरे अस्पताल के वार्ड ब्वाय इधर से उधर कर दिए गए हैं। इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त वार्डबॉय की ड्यूटी लगाई गई हैं। प्रमुख अधीक्षक सत्य सिंह ने वार्ड ब्वाय धूम सिंह काे सस्पेंड किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि बर्न वार्ड और ऐसे दूसरे अन्य वार्ड जहां पर मरीजों की संख्या कम है वहां से ड्यूटी हटाकर इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त वार्ड बॉय की ड्यूटियां बढ़ा दी गई हैं, ताकि इमरजेंसी में पहुंचने वाले गंभीर रोगियों को समय पर हेल्प और स्ट्रेचर मिल सकें और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें समय पर सावधानी से एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जा सके।

सांसद ने भी मांगा था जवाब
जिला अस्पताल में हुई इस अमानवीय घटना का संज्ञान लेते हुए सहारनपुर सांसद राघव लखन पाल ने भी जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक से जवाब मांगा था और पूरे मामले की जांच कराकर इतनी बड़ी लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी।

Published on: