Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक दुल्हन ने नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया।
Wedding procession returned without bride in Sambhal: जिला संभल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शनिवार रात बहजोई के एक गांव में बारात पहुंची, लेकिन शादी की सभी रस्में उस वक्त रुक गईं जब दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। आरोप था कि दूल्हा नशे में धुत था और बेहोशी की हालत में था।
दूल्हा 108 एम्बुलेंस में ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) के पद पर कार्यरत है। बारात रात करीब नौ बजे गांव पहुंची और परंपरागत तरीके से बारात चढ़ी। लेकिन जैसे ही दूल्हे को दुल्हन के दरवाजे पर रस्म के लिए ले जाया गया, दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।
दुल्हन का साफ आरोप था कि दूल्हा शराब के नशे में है और इस हालत में वह उसके साथ शादी नहीं कर सकती। इसके बाद शादी की सभी रस्में रोक दी गईं।
रातभर दोनों पक्षों में समझाने और मनाने का सिलसिला चलता रहा, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। कई रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने समझाने की कोशिश की, मगर कोई असर नहीं हुआ।
काफी प्रयासों के बावजूद जब दुल्हन नहीं मानी, तो मामला कोतवाली तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और पूरी जानकारी ली। चर्चा के दौरान यह सामने आया कि शादी की तैयारियों में दुल्हन पक्ष ने करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे।
अंत में दूल्हा पक्ष इस बात पर सहमत हुआ कि वे सात लाख रुपये दुल्हन पक्ष को लौटाएंगे। इसके बाद बिना दुल्हन के बारात वापस लौट गई। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।