
संभल में मुस्लिम युवक के घर से हिंदू नाबालिग बरामद..
Minor girl found muslim youth house Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक नाबालिग लड़की के मुस्लिम युवक के घर मिलने के बाद मामला अचानक तूल पकड़ गया। बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की को बरामद कर लिया। वहीं जिस युवक के घर से लड़की मिली, वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। पूरे मामले को लेकर इलाके में काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
यह मामला जनपद संभल की चंदौसी तहसील के थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव गुमथल का है। जानकारी के मुताबिक चंदौसी कस्बे की रहने वाली एक नाबालिग किशोरी रोजाना ट्यूशन पढ़ने जाती थी। उसी ट्यूशन में गांव गुमथल का रहने वाला युवक नवी जान, जो शाने आलम का पुत्र बताया जा रहा है, भी पढ़ता था। ट्यूशन के दौरान दोनों के बीच पहचान हुई और धीरे-धीरे दोस्ती हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्यूशन में नियमित रूप से मिलने के कारण दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान शनिवार को करीब 11 बजे नाबालिग लड़की अचानक युवक नवी जान के घर पहुंच गई। जब इस बात की जानकारी स्थानीय लोगों और कुछ कार्यकर्ताओं को मिली तो मामला तेजी से फैल गया और इसकी सूचना बजरंग दल के कार्यकर्ताओं तक पहुंच गई।
सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के अध्यक्ष आशीष तूफानी अपने साथ कई कार्यकर्ताओं को लेकर गांव गुमथल स्थित युवक के घर पहुंच गए। वहां पहुंचकर उन्होंने जानकारी की पुष्टि की और तुरंत डायल 112 तथा स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ भी जमा होने लगी।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो नाबालिग लड़की युवक के घर में मौजूद मिली। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से करीब 20 मिनट पहले ही आरोपी युवक वहां से फरार हो चुका था। मौके पर मौजूद लोगों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने तुरंत लड़की को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित थाने ले गई।
लड़की को थाने लाने के बाद उसके पिता को भी सूचना दी गई, जिसके बाद वह तुरंत थाने पहुंच गए। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता भी करीब दो घंटे तक थाने में मौजूद रहे और युवक पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि मुस्लिम युवक ने नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर अपने घर बुलाया था।
बजरंग दल के संयोजक आशीष तूफानी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक मुस्लिम युवक हिंदू नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने घर ले आया है। उन्होंने कहा कि सूचना की पुष्टि करने के बाद उन्होंने पुलिस को बुलाया और लड़की को बरामद कराया। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी युवक का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।
मामले को लेकर थाना प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि नाबालिग लड़की के पिता की ओर से शिकायत मिली है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस युवक पर आरोप लगाया गया है, उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है, लेकिन वह अभी तक उपस्थित नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
07 Mar 2026 06:00 pm
बड़ी खबरें
View Allउत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
