
Mau Crime: मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में स्थित बन्दीकला शाखा डाकघर में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने अपने ही कार्यालय के ब्रांच पोस्टमास्टर पर छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बन्दीकला शाखा डाकघर में असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (एबीपीएम) के पद पर कार्यरत आराधना ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ब्रांच पोस्टमास्टर दीपक दास काफी समय से उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उन्हें अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर परेशान करता था और आपत्तिजनक संदेश भी भेजता था।
महिला कर्मचारी ने यह भी बताया कि जब वह पहले हालिमाबाद शाखा कार्यालय में तैनात थीं, तब भी आरोपी वहां पहुंचकर उन्हें परेशान करता था। आरोप है कि 3 मार्च को जब वह ड्यूटी पर पहुंचीं तो कार्यालय समय के दौरान दीपक दास ने उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें मारपीट की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार 5 मार्च को जब कार्यालय में इस मामले को लेकर बातचीत हुई तो आरोपी ने उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया।
महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी कमलकांत वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
Published on:
07 Mar 2026 06:09 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
