
YouTuber Malti Chauhan: संतकबीरनगर की मशहूर यूट्यूबर मालती चौहान का शव ससुराल में कमरे में लटका मिला। पिता का आरोप है कि दामाद विष्णु ने ही उसे मारकर लटकाया है। पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक समझाने के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। साथ ही यूट्यूबर पति विष्णु को हिरासत में ले लिया।
3 साल पहले हुई थी शादी
मामला महुली थाना के काली जगदीशपुर का है। यहां की मालती की शादी 3 साल पहले यूट्यूबर विष्णु से हुई थी। दोनों का एक बेटा भी है। मगर पति-पत्नी में 1 महीने से विवाद चल रहा था। विवाद के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
पति ने प्रेमी से करवा दी थी शादी
विष्णु ने मालती पर उनकी टीम के ही मेंबर अर्जुन के साथ अफेयर का आरोप लगाया था। इसके बाद विष्णु ने ही मालती और अर्जुन की शादी 10 दिन पहले करवा दी थी। इसकी फोटो भी सामने आई थी। लेकिन हफ्ते भर बाद ही मालती अर्जुन को छोड़कर फिर से विष्णु के साथ आना चाह रही थी।
मालती के पिता ने बताया ," 2 दिन पहले मंगलवार को बेटी घर आ गई थी। उसी दिन विष्णु भी घर आया और उसे अपने साथ ले गया था। बेटी भी अपने पति के साथ रहना चाह रही थी। लिहाजा हम लोगों ने कोई विरोध नहीं किया था।1 दिन बाद ही बुधवार को बेटी की मौत की सूचना मिली। हमें बताया गया कि उसने फंदे पर लटक कर जान दे दी, जबकि मेरी बेटी ऐसा नहीं कर सकती। दामाद विष्णु ने बेटी की हत्या की है।"
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पति को जल्द ही हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।