
सतना। स्वास्थ्य विभाग अब क्षय रोगियों को हर माह पांच सौ रुपए की सहायता राशि प्रदान करेगा। जिससे पीड़ित अपने लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था कर सके। खास बात यह है कि स्फूटम रिपोर्ट निगेटिव आती है तब भी पीडि़ता को सहायता राशि प्रदान की जाएगी। बशर्ते पीडि़त को (डॉट्स की दवा) उपचार मुहैया कराया जा रहा हो।
तत्कालीन क्षय रोग अधिकारी डॉ मनोज सिंह तोमर ने बताया, कुछ पीडि़तों की स्फूटम रिपोर्ट निगेटिव आ जाती है, लेकिन इन्हें एक्स-रे जांच में टीबी की पुष्टि होती है। एेसे पीडि़तों को डॉट्स की दवा आरंभ कर दी जाती है। अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से क्षय रोग पीडि़तों को इलाज के साथ पौष्टिक आहार के लिए सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
स्वास्थ्य महकमे द्वारा एेसे क्षय रोग पीडि़तों को चिह्नित कर लिया गया है। एक अप्रैल के बाद चिह्नित मरीजों को योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिलेभर में एक अप्रैल के बाद एक हजार से अधिक रोगी चिह्नित किए जा चुके हैं। बड़ी संख्या में पीडि़त आर्थिक तंगी के चलते ग्रामीण अंचल से जिला अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते थे। यह योजना गरीब तबके के पीडि़तों को राहत प्रदान करेगी।
6 माह तक पीड़ित को मिलेगी सहायता
क्षय रोग पीड़ित को हर माह पांच सौ रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि पीडि़त के छह माह तक बैंक एकाउंट में ट्रांसफर की जाएगी। बजट के अभाव में अभी राशि नहीं दी जा रही थी। अब सभी के बैंक एकाउंट सहित अन्य दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।
इनको मिली निगरानी की जिम्मेदारी
संचालनालय स्वास्थ्य सेवा ने जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी को यह सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपा है कि सभी पीडि़तों को सहायता राशि मिले। जिले में कोई भी पात्र जरूरतमंद योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके अलावा सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार अवधिया को योजना की निगरानी करने का जिम्मा सौंपा गया है। किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पीड़ितों के खाते में राशि ट्रांसफर होगी
जिले के 461 टीबी पीडि़तों को पौष्टिक आहार के लिए 5 सौ रुपए प्रदान किए जाएंगे। दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। अप्रैल के बाद सामने आने वाले पीडि़तों को इसी माह से राशि खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
डॉ. मनोज सिंह तोमर, तत्कालीन क्षय रोग अधिकारी
फैक्ट फाइल
- जिले में 1 अप्रैल के बाद चिह्नित क्षय रोगी
- विखं पीड़ितों की संख्या
- मैहर 112
- उचेहरा 67
- रामपुर बाघेलान 34
- कोठी 19
- मझगवां 53
- अमरपाटन 71
- सतना 83
- नागौद 22
- कुल 461