सतना

SATNA: ओल्ड हाइवे का होगा कायाकल्प, ओवरब्रिज से फ्लाईओवर तक बनेगी स्मार्ट रोड

1120 मीटर लंबी सड़क पर व्यवस्थित पार्किंग, चौड़े फुटपाथ और सौंदर्यीकरण की योजना; नाले के ऊपर 240 कारों और 250 दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी, फ्लाईओवर के नीचे बनेगा स्पोर्ट्स जोन
4 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:13 AM IST
smartcity

सतना। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल रीवा रोड पर भारी यातायात दबाव, अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बड़े बदलाव की तैयारी है। सर्किट हाउस से पार्क होटल तक ओवरब्रिज और फ्लाईओवर के बीच करीब 1120 मीटर लंबी सड़क को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। योजना में सड़क की चौड़ाई और यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ पार्किंग, पैदल यात्रियों की सुविधा और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया गया है। खास बात यह है कि मौजूदा नाले के ऊपर करीब 240 कारों और 250 दोपहिया वाहनों की क्षमता वाली मैकेनिकल पजल पार्किंग बनाई जाएगी। इससे सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों और उनसे पैदा होने वाले यातायात दबाव को कम करने का लक्ष्य है। स्मार्ट सिटी के बोर्ड की गुरुवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बोर्ड के चेयरमैन एवं कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगमायुक्त एवं स्मार्ट सिटी के ईडी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे।

स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक लेते कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, उपिस्थत निगमायुक्त डॉ नागार्जुन बी गौड़ा सहित अन्य

सड़क के साथ बदलेगा पूरा कॉरिडोर

प्रस्ताव के मुताबिक सर्किट हाउस से पार्क होटल तक 1120 मीटर सड़क विकसित होगी। इसके अलावा मौजूदा फ्लाईओवर के नीचे करीब 200 मीटर हिस्से में 36 मीटर चौड़े रोड राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) का भी विकास किया जाएगा। सड़क पर एक समान कैरिज-वे, तीन मीटर चौड़ा फुटपाथ, प्लांटिंग बेड और व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। ओएफसी केबल को भूमिगत किया जाएगा, ताकि सड़क का स्वरूप व्यवस्थित रहे। पैदल यात्रियों के लिए चौड़े और निर्बाध रास्ते, लैंडस्केपिंग तथा बैठने की व्यवस्था होगी। दुकानों तक पहुंच आसान बनाने के साथ रात में सुरक्षा और बेहतर दृश्यता के लिए आर्किटेक्चरल लाइटिंग लगाई जाएगी। टोटेम पोल, एलईडी साइनेज बोर्ड और प्लांटर्स के जरिए राजस्व अर्जित करने की व्यवस्था भी प्रस्ताव में शामिल है। इसके माध्यम से सड़क के रखरखाव और निगरानी के लिए राजस्व आधारित मॉडल तैयार करने की मंशा है।

फ्लाई ओवर से कुछ इस तरह नजर आएगा ओल्ड हाइवे

फ्लाईओवर के नीचे बच्चों के लिए प्ले कोर्ट

परियोजना में फ्लाईओवर के नीचे की खाली जगह को भी उपयोगी बनाने की योजना है। यहां बच्चों के लिए प्ले कोर्ट और प्ले एरिया के साथ स्पोर्ट्स जोन विकसित किया जाएगा। इसके अलावा एक कमर्शियल कियोस्क और बच्चों के साथ आने वाले अभिभावकों व अन्य आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था भी होगी। यानी अभी तक अनुपयोगी पड़ी जगह को सार्वजनिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है।

अतिक्रमण और पार्किंग पर लगेगी लगाम

रीवा रोड पर दुकानों के सामने वाहन खड़े होने और सड़क किनारे गुमटियों व ठेलों के कारण यातायात प्रभावित होता है। प्रस्तावित पार्किंग और व्यवस्थित कैरिज-वे से इस समस्या का समाधान करने का दावा किया जा रहा है। फुटपाथ बनने से पैदल चलने वालों को भी सड़क पर वाहनों के बीच से गुजरने की मजबूरी नहीं रहेगी। सड़क के समग्र विकास के बाद अवैध कब्जों को हटाकर यातायात क्षेत्र को व्यवस्थित करने की योजना है।

इस मॉडल में विकसित किया जाएगा शहर का ओल्ड हाइवे रीवा रोड

बढ़ाया जाएगा ग्रीन कवर, 80 लाख होंगे राजसात

बोर्ड में यह भी निर्णय लिया गया है कि ओल्ड हाइवे का ग्रीन कवर बढ़ाया जाएगा। इसके लिए सोहावलमोड़ से कृपालपुर तक रोड के दोनों ओर और डिवाइडर में थीम अनुसार पौधरोपण किया जाएगा। इस पौधरोपण की चार साल की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। स्मार्ट सिटी के अफसरों को 15 दिन में इसका डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्मार्ट सिटी के हिस्से जिन स्ट्रीट लाइटों का संचालन हो रहा है वह अब निगम को हैंड ओवर होगा। लेक व्यू प्रोजेक्ट का संचालन अब फेल मान लिया गया और इसके संचालक होटल महामाया की 80 लाख रुपए लगभग की सिक्योरिटी राजसात करने के आदेश कर दिए गए।

आईएसबीटी में बस संचालकों को मिलेगा ऑफिस स्पेस, छह सिटी बसों को भी मंजूरी

स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में आईएसबीटी से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भी निर्णय लिए गए। बस संचालकों के लिए प्रथम तल पर ऑफिस स्पेस उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को पीपीपी मॉडल पर स्वीकृति दी गई है। इससे बस संचालक आईएसबीटी परिसर में ही अपने कार्यालय संचालित कर सकेंगे। इसके अलावा सतना सिटी ट्रांसपोर्ट के तहत छह सिटी बसों के संचालन को मंजूरी दी गई है। इनका संचालन वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) मॉडल पर होगा। सुगम संपर्क योजना के तहत वर्तमान में संचालित बसों के अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद नए सिरे से अनुबंध करने की अनुमति भी बोर्ड ने दे दी है।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:13 AM IST
Published on: