
सतना. स्वशासी महाविद्यालय के छात्रों के लिए खुश खबर है। कॉलेज को आखिरकार इनडोर स्टेडियम की सौगात मिल गई। सोमवार को स्टेडियम का भूमिपूजन सांसद गणेश सिंह ने किया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर मुकेश शुक्ल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर ममता पाण्डेय, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी तथा प्राचार्य डॉ. आरबी त्रिपाठी मौजूद रहे। ओएनजीसी के कॉर्पोरेट-सामाजिक दायित्वों के अंतर्गत प्राप्त सहयोग से 2 करोड़ 10 लाख रुपए से स्टेडियम का निर्माण होगा।
प्रतिभा की नहीं कमी
बतौर मुख्य अतिथि सांसद गणेश सिंह ने कहा, गांवों में सांसद ट्रॉफी कराने के दौरान अनुभव किया कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। लेकिन, उनके प्रशिक्षण के लिए संसाधनों का अभाव है। इनडोर स्टेडियम की परिकल्पना उसी समय से मेरे मन में थी, जिसे आज साकार किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि इनडोर स्टेडियम की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को खेल-कूद की दिशा में निरंतर प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे।
खेल से मिलते हैं संस्कार
जनभागीदारी अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हम सभी तत्पर हैं। खेल से संघर्ष के संस्कार प्राप्त होते हैं जो युवाओं को मजबूत और परिश्रमी बनाते हैं। संचालन डॉ. राजीव तिवारी ने किया। आभार प्रदर्शन वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जी.पी. पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर उमेश प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, पार्षद अजय सिंह, पार्षद भगवती पाण्डेय, मुरारी सोनी, पीआइयू के अधिकारी, महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बीके गुप्त, डॉ. प्रभाकर सिंह, डॉ. वीरेश पाण्डेय डॉ. नीरजा खरे, डॉ. अर्चना निगम, डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. रूपा सिंह, डॉ. हरेश्वर राय, छात्र संघ अध्यक्ष शिखा तिवारी, सपना त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जब छात्रों ने सांसद को घेरा
डिग्री कॉलेज में इनडोर स्टेडियम के उद्घाटन के दौरान सांसद गणेश सिंह का छात्रों ने जमकर विरोध किया। सांसद वापस जाओ के नारे लगाए। काले झंडे दिखाने की कोशिश की। हालांकि वहां मौजूद कोलगवां टीआइ समेत भारी पुलिस बल ने उन्हें सांसद से मिलने से रोक दिया। छात्रों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे झड़प की। प्रदर्शन में मुख्य रूप से गौरव सिंह परिहार जाखी, छात्रसंघ सचिव रजनीश द्विवेदी, जनमेजय सिंह, अमन सिंह गौरैया, शौरभ सिंह, सोनाक्षी सिंह, अमृता सिंह, शौरभ सिंह, मानवेन्द्र सिंह, प्रशांत सिंह, आयुष द्विवेदी, अरविंद सिंह, अमन पाण्डेय सहित सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे। छात्र पीजी कॉलेज सतना को यूनिवर्सिटी का दर्जा दिलाने, शहीद पद्मधर सिंह की मूर्ति का अनावरण तत्काल करवाने, बैठक व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने पर इंतजाम करने की मांग कर रहे थे।