सतना

BIG NEWS: चित्रकूट में गांधी जयंती पर गोडसे की प्रतिमा स्थापित की, चार गिरफ्तार

उप्र के राजापुर थाना क्षेत्र के सगवारा गांव का मामला, मौके पर पहुंचे सीओ व एसडीएम की ग्रामीणों से नोकझोंक  
2 min read
Oct 03, 2018
Satna Nathuram Godse
Satna Nathuram Godse

सतना. मप्र की सीमा से सटे उप्र के चित्रकूट जिले के राजापुर थाना अंतर्गत सगवारा गांव में गांधी जयंती के मौके पर मंगलवार को नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने पर माहौल गर्मा गया। प्रतिमा स्थापित किए जाने की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ एसडीएम राजापुर सुभाषचंद्र यादव व सीओ शिववचन सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके पहले पुलिस प्रशासन की ग्रामीणों से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में प्रशासन ने प्रतिमा को अपने कब्जे में लेकर चबूतरे को ढहा दिया।

पुलिस-प्रशासन में हड़कम्प
सगवारा गांव के कंजरहा हार में एक कुटी के पास सत्यवीर सिंह के बाग में कुछ लोग मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित कर रहे थे। चबूतरा का निर्माण कराने के बाद प्रतिमा भी स्थापित कर दी गई। इसकी जानकारी गांव के लोगों को हुई तो किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन भारी संख्या में पुलिस बल के साथ एसडीएम, सीओ शिववचन के साथ एसओ वीरेन्द्र त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों से झड़प
प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने पर प्रतिमा स्थापित करने वालों से हुज्जत भी हुई। पुलिस के पहुंचने पर सैकड़ों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने मौके पर ही प्रतिमा स्थापित करने वाले बृजेश पांडेय पुत्र काशी प्रसाद निवासी जवाहर नगर शहर बांदा, मुकुंद सनातन पुत्र प्रकाशचंद्र तिवारी निवासी बक्सर बिहार, रामेन्द्र सिंह पुत्र सत्यवीर सिंह निवासी सगवारा व संदीप सिंह पुत्र मुन्ना सिंह उर्फ योगेन्द्र निवासी अगरहुंडा थाना रैपुरा को गिरफ्तार कर लिया।

थाने में रखी प्रतिमा
पुलिस ने स्थापित की गई नाथूराम गोडसे की प्रतिमा को जब्त कर थाना राजापुर में रखवा दिया है। जबकि मौके पर मजदूरों को बुलाकर पुलिस ने चबूतरा को गिरवा दिया। एसडीएम ने बताया कि चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह सभी राष्ट्रीय सनातन दल के बताए जा रहे हैं। प्रतिमा थाने में रखवाते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Published on:
03 Oct 2018 10:14 am