सोहावल मोड़ में रात के अंधेरे में हुई वारदात, ट्रांसपोर्ट नगर के गैरेज में बदली गई ट्रक बॉडी, पुलिस ने पकड़ा वाहन चोर गिरोह
सोहावल मोड़ में रात करीब तीन बजे कुछ बदमाशों ने ट्रक में सो रहे खलासी की आंख में मिर्च झोंकते हुए उसे पीटा। ट्रक लूटा और फिर बदमाशों की गैंग का एक सदस्य खलासी को मोटर साइकिल से उसके गांव तक छोड़ कर आया। इधर, ट्रक लेकर गए बदमाशों ने कुछ ही घंटों में ट्रक के नंबर प्लेट के साथ उसका हुलिया बदल दिया। जब पुलिस को भनक लगी तो बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई। खुद एसपी रियाज इकबाल भी हर मिनट पुलिस टीम से अपडेट लेते रहे। कुछ ही घंटों में जब अपराधी पकड़ लिए गए और लूटा हुआ ट्रक बरामद कर लिया तो बदमाशों से उनके बाकी साथियों के बारे में पूछताछ शुरू हुई।
सतना. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सोहावल मोड़ में गुरुवार और शुक्रवार की रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने ट्रक मालिक की रिपोर्ट पर मुकद्मा कायम किया है। आधा दर्जन बदमाशों के हाथ लगने के बाद ट्रक चोरी और लूट के कई मामलों का खुलासा करने में पुलिस जुट गई है।
इस तरह हुई वारदात
ट्रक मालिक के रिश्तेदार लालबाबू बागरी ने बताया कि ट्रक एमपी ६५ जीए ५५०० उनके जीजा विश्वनाथ बागरी का है। लेकिन ट्रक का कारोबार लालबाबू खुद देखते हैं। उनका कहना है कि ट्रक से सरकारी खाद ढुलाई का काम चल रहा था। गुरुवार की शाम ट्रक को सोहावल मोड़ में खड़ा कर उसकी तकवारी के लिए खलासी प्रदीप कोल निवासी बरेठिया को छोड़ था। रात करीब ३ बजे कुछ बदमाशों ने प्रदीप की आंख में मिर्च झोंकते हुए उसे पीटा और ट्रक लूट लिया। इसके बाद एक आरोपी बबलू मिश्रा निवसी सोहावल ने प्रदीप को मोटर साइकिल से सुबह करीब ४ बजे बरेठिया गांव में छोड़ा।
मकसूद बोला मार दो
बदमाश के चंगुल से छूटते ही प्रदीप लालबाबू के घर पहुंचा। उसने घटना बताई तो पुलिस को सूचना दी गई। खलासी ने बताया कि आरोपियों में एक मकसूद तो जान से मारने के लिए कह रहा था लेकिन बबलू ने रोकते हुए गांव लाकर छोड़ दिया। यह बात सामने आई है कि लुटेरे ट्रक को पहले सोहावल होते हुए मैहर बायपास लेकर गए। फिर वापस सोहावल लाए और फिर ट्रांसपोर्ट नगर में संदीप प्रेशर वाले के सामने बने गैरेज में ट्रक को रख दिया। यहां ट्रक पहुंचते ही उसका हुलिया बदलने का काम शुरू कर दिया गया था।
नंबर प्लेट बदल गई
लालबाबू ने बताया कि जब ट्रक का सुराग लगा तो उसकी नंबर प्लेट बदली हुई थी। ट्रक में बदमाशों ने एमपी 19 एचए 0936 नंबर की प्लेट लगा दी थी। इस नंबर का ट्रक रामपुर बाघेलान इलाके से चोरी हो चुका है। प्रदीप के कब्जे से लूटे हुए ट्रक को उसके टायर, जंजीर में लगी रबड़ और केजीएन लिखे बोर्ड से पहचाना गया है। पुलिस ने इस मामले में मकसूद, बबलू समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। लूट की घटना के बाद विश्वनाथ बागरी की रिपोर्ट पर आइपीसी की धारा 328, 394 के तहत अपराध कायम किया गया है।
बड़े गिरोह का होगा खुलासा
एसपी रियाज इकबाल शुक्रवार की शाम इसी मामले में कई घंटे थाना सिविल लाइन में बैठे रहे। उन्होंने पकड़ में आए बदमाशों से खुद पूछताछ की है। माना जा रहा है कि वाहन चोरी के कई मामलों का खुलासा पुलिस अब कर लेगी। यह गिरोह ट्रक चोरी और लूट करने में माहिर बताया जा रहा है। इसमें मोटर लाइन में काम करने वाले ट्रक के मिस्त्री से लेकर गैजेर मालिक और कबाड़ी तक शामिल हैं।