पाठा के जंगल में मिला खूंखार डकैत रजऊआ का नरकंकाल, आपसी गैंगवार में मारा गया था
सतना। मप्र और उप्र के बीच पाठा के जंगल से एक नरकंकाल बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही कि यह कंकाल 25 हजार रुपए के इनामी डकैत रजऊआ का है। उप्र पुलिस ने नरकंकाल जब्त करते हुए उसे डीएनए जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौर करने वाली बात यह है कि गैंगवार में रजऊआ के मारे जाने की आशंका के बाद इतने दिनों तक पुलिस उसका सुराग तक नहीं लगा पाई थी। जब कुछ ग्रामीणों ने नरकंकाल देखा तो पुलिस को खबर मिली। मौके पर ही रजऊआ के परिवार के सदस्य और ग्रामीणों को भी बुला लिया गया था।
ये है पूरा मामला
बताया गया, खूंखार दस्यु सरगना गोप्पा के जेल जाने के बाद गैंग की कमान संभाल रहे उसके रिश्तेदार 25 हजार रुपए के इनामी डकैत राजा उर्फ रजऊआ को उसी की गैंग के साथी ने मार दिया था। बीहड़ में इस खबर से चर्चाओं का बाजार गर्म था। इधर, दो दिन पहले दस्यु महेंद्र पासी गैंग के दो इनामी डकैतों को रीवा पुलिस ने जब मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया और पूछताछ शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दोनों डकैतों ने दस्यु रजऊआ और महेंद्र पासी के बीच गैंगवार की बात बताई थी।
महाराष्ट्र में भी वांछित
25 हजार का इनामी रहा दस्यु रजऊआ महाराष्ट्र में हत्या के एक मामले में वांछित था। इसके आलावा चित्रकूट के पहाड़ी, बहिलपुरवा, मऊ और रैपुरा थाने में उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, पुलिस मुठभेड़ जैसी संगीन वारदातों को लेकर 21 मुकदमे दर्ज थे। सलाखों के पीछे कैद खूंखार दस्यु सरगना रामगोपाल उर्फ गोप्पा गैंग का रजऊआ हार्डकोर मेंबर था।
मानिकपुर के जंगल में मिला कंकाल
रीवा पुलिस के हत्थे चढ़े दस्यु महेंद्र पासी गैंग के दोनों डकैत राजकुमार कोल व समय लाल कोल ने जो खुलासा किया था, उसकी जानकारी उप्र चित्रकूट के मानिकपुर थाना पुलिस को दी गई। डकैतों से पूछताछ करने पहुंची मानिकपुर थाना पुलिस को दोनों दस्युओं ने महेंद्र पासी व रजऊआ के बीच मानिकपुर के जंगल में गैंगवार होने और इस बीच रजऊआ के मारे जाने की बात सामने लाई थी।
जंगल से नरकंकाल बरामद हुआ है। आशंका है कि कंकाल दस्यु रजऊआ का है। इसकी पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
प्रताप गोपेन्द्र, एसपी, चित्रकूट उप्र
अपराधिक इतिहास
- 1. मु0अ0सं0 130/11 धारा 302/304 भादवि0 थाना चतुश्रृंगी महाराष्ट्र
- 2. मु0अ0सं0 67/15 धारा 147/452/323/504/506 भादवि0 थाना पहाड़ी
- 3. मु0अ0सं0 154/15 धारा 307 भादवि0 थाना पहाड़ी
- 4. मु0अ0सं0 172/15 धारा 387/506 भादवि0 थाना पहाड़ी
- 5. मु0अ0सं0 124/15 धारा 394/307 भादवि0 थाना पहाड़ी
- 6. मु0अ0सं0 131/16 धारा 147/148/149/302/34 भादवि0 थाना पहाड़ी
- 7. मु0अ0सं0 180/16 धारा 174क भादवि0 थाना पहाड़ी
- 8. मु0अ0सं0 213/16 धारा 174क भादवि0 थाना पहाड़ी
- 9. मु0अ0सं0 214/16 धारा 174क भादवि0 थाना पहाड़ी
- 10. मु0अ0सं0 218/16 धारा 174क भादवि0 थाना पहाड़ी
- 11. मु0अ0सं0 220/16 धारा 147/148/149/302 भादवि0 व 12/14 डीएए एक्ट
- 12. मु0अ0सं0 248/16 धारा 2/3 गैंगेस्टर एक्ट थाना पहाड़ी
- 13. मु0अ0सं0 95/17 धारा 174क भादवि0 थाना पहाड़ी
- 14. मु0अ0सं0 88/17 धारा 147/148/149/504/506/307 भादवि0 व 12/14 डीएए एक्ट बहिलपुरवा
- 15. मु0अ0सं0 89/17 धारा 147/148/149/504/435/427/506 भादवि0 थाना बहिलपुरवा
- 16. मु0अ0सं0 69/17 धारा 147/148/149/504/506/386/342 भादवि0 व 12/14 डीएए एक्ट थाना बहिलपुरवा
- 17. मु0अ0सं0 285/17 धारा 147/148/149/307 भादवि0 व 12/14 डीएए एक्ट थाना मऊ
- 18. मु0अ0सं0 123/17 धारा 147/148/149/307 भादवि0 व 12/14 डीएए एक्ट थाना रैपुरा
- 19. मु0अ0सं0 129/17 धारा 174क थाना रैपुरा
- 20. मु0अ0सं0 217/17 धारा 147/148/149/307/302 भादवि0 व 12/14 डीएए एक्ट थाना रैपुरा
- 21. मु0अ0सं0 327/17 धारा 174क भादवि0 थाना पहाड़ी