सतना

हैंड ग्रेनेड व असलहे सहित पकड़ा गया डकैत गोप्पा का एक साथी, ऐसे मिली पुलिस को कामयाबी

यूपी पुलिस की स्वाट टीम को मिली कामयाबी: जेल में बंद दस्यु सरगना
3 min read
• •
Updated: 2 Aug 2018, 12:42 PM IST
Dasu Gang Hardcore member arrested in chitrakoot police
Dasu Gang Hardcore member arrested in chitrakoot police

सतना। यूपी पुलिस को दस्यु उन्मूलन अभियान में बुधवार को बड़ी कामयाबी मिली है। यूपी पुलिस की स्वाट (स्पेशल वेपंस एण्ड टैक्टिक्स) टीम ने डकैत गोप्पा के एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हैंड ग्रेनेड सहित बड़े पैमाने पर असहले जब्त किए गए हैं। एसपी चित्रकूट मनोज कुमार झा की अगुवाई में दस्यु गैंगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में स्वाट टीम प्रभारी श्रवण कुमार सिंह व टीम ने अभियुक्त कामता प्रसाद प्रजापति को गिरफ्तार किया।

ये है मामला
सूत्रों की मानें तो स्वाट टीम प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि पुलिस मुठभेड़ में मारा गया गोप्पा गैंग का सदस्य महेंद्र पासी उर्फ धोनी का असलहा ग्राम कौबरा में छिपा कर रखा गया है। स्वाट प्रभारी सरैया चौकी प्रभारी व आधा दर्जन आरक्षकों को साथ लेकर गढ़चपा पहुंचे। जहां पता चला कि कौबरा के पुरवा कुकुवा डांड़ में कामता प्रसाद प्रजापति के पास महेंद्र पासी उर्फ धोनी के असलहे रखे हैं। इस अहम तथ्य के बाद पुलिस कामता प्रसाद के घर को रात के अंधेरे में ही चारों ओर से घेर लिया।

पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया
बुधवार अल सुबह करीब 4 बजे एक व्यक्ति घर से बाहर निकला। जिसे देखकर मुखबिर पुष्टि कर दी कि यही कामता प्रसाद है। जिसके बाद पुलिस टीम ने कामता को आत्म समर्पण के लिए ललकारा, लेकिन उसने फायर कर दिया। अभियुक्त द्वारा की गई फायरिंग से बचते हुए पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी। चारों तरफ से घिर जाने के बाद कामता ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने जब झोपड़ी नुमा घर की तलाशी के दौरान पुलिस को तीन बंदूक व कारतूस का खोख मिला।

12 बोर के 80 जिंदा कारतूस मिले
पुलिस ने कामता से जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने घर में छिपे असलहे का राज उगल दिया। दोबारा तलाशी पर उसके यहां से दो हैण्ड ग्रेनेड, 12 बोर के 80 जिंदा कारतूस व थर्टी स्प्रिंग बंदूक के 49 जिंदा कारतूस व अन्य हथियार मिले। जिन्हें देखकर स्वाट टीम की आंखें फटी की फटी रह गईं। पुलिस ने पूरा असलहा जब्त कर अभियुक्त कामता के खिलाफ एडी एक्ट, आम्र्स एक्ट व विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण कायम किए।

महेंद्र पासी का था असलहा
महेंद्र पासी उर्फ धोनी डी-18 रामगोपाल उर्फ गोप्पा का सक्रिय सदस्य था जिसे फूलपुर पुलिस ने 5 जुलाई को एनकाउंटर में मार गिराया था। महेंद्र पासी और राजा उर्फ रजउवा यादव पुत्र रामकेश निवासी कर्वी चित्रकूट जो कि गोप्पा का भतीजा था, की हत्या कर दी गई थी। जिसका नरकंकाल 23 फरवरी को मानिकपुर थाना इलाके से बरामद हुआ था। इस घटना के बाद से महेंद्र पासी गैंग के असलहे लेकर भाग गया था। उसने यह असलहे घर में छिपाकर रखे थे।

गैंग का पूरा असलहा लगा पुलिस के हाथ
चित्रकूट एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पकड़े गए डकै त के पास से महेंद्र पासी गैंग का पूरा असलहा हाथ लगा है। छापे के दौरान भारी मात्रा में असलहे देख कर स्वाट टीम भी दंग रह गर्ई। गिरफ्तार आरोपी के घर से 33 बोर फै क्ट्री मेड रायफल, एक रायफल थर्टी स्प्रिंग फैक्ट्री मेड, एक डीबीबीएल गन, थर्टी स्प्रिंग के 49 जिंदा कारतूस, 12 बोर के 80 जिंदा कारतूस, हैण्ड ग्रेनेड पिन और दो फ्यूज लगे हुए, 303 बोर के 6 जिंदा कारतूस व 303 बोर के एक खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

नेस्तानाबूत हो गया गोप्पा का गैंग
एमपी-यूपी की सीमा में तराई में तेजी जुर्म की दुनिया में उभरे गोप्पा गैंग का खेल खत्म हो गया है। जानकारों के मुताबिक बीते साल 29 जुलाई को एक लाख 10 हजार का इनामी गोप्पा मुठभेड़ के बाद यूपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया था। इसके गिरफ्तार होने के पहले व बाद में इसके गैंग के 8 सदस्य भी पकड़े गए थे जिनमें से आधे इनामी डकै त थे। धोनी की मुठभेड़ में मौत व रजउवा की हत्या के बाद गैंग के नाम पर सिर्फ असलहे बचे थे। यूपी पुलिस की स्वाट टीम ने असलहे जब्त कर गैंग का नेस्तानाबूत कर दिया।

50 हजार का इनाम
पुलिस की कामयाबी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक बांदा परिक्षेत्र ने टीम को 50 हजार रुपए का इनाम देने का एेलान किया है और पुलिस महानिदेशक से प्रशंसा चिह्न देने की सिफारिश की है। टीम में स्वाट टीम प्रभारी एसआई श्रवण कुमार सिंह, आकाश मलिक, मुदित सचान, आशीष यादव, दिनेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार व सर्वेश कुमार शामिल रहे।

Published on: