सतना

दर्शन के लिए जा रहे शारदा माता के 2 भक्तों ने गंवाई जान, चित्रकूट में हुआ हादसा

Chitrakoot Car Accident : यूपी के श्रद्धालुओं के साथ नवरात्रि पर हादसा, मैहर में शारदा माता के दर्शन करने आ रहे थे, चित्रकूट में दुर्घटना से मातम
2 min read
• •
Oct 11, 2026
मैहर दर्शन करने आ रहे थे, चित्रकूट में हो गई दुर्घटना
प्रतीकात्मक तस्वीर। सोर्स-Ai

Chitrakoot Car Accident : मैहर वाली माता की भक्ति में डूबे 2 भक्तों ने दरबार के पास आकर दम तोड़ दिया। चित्रकूट में यह घटना घटी। मैहर जा रहे भक्तों की कार नदी में गिर गई। मौके पर ही दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी भक्त कानपुर से शारदा माता के दर्शन करने जा रहे थे। वे मैहर के पास आ चुके थे पर झुरी नदी में गिर गए। तड़के 3 बजे यह दुर्घटना घटी।

चित्रकूट में भक्तों से भरी बोलेरो के झुरी नदी में गिरते ही लोग हरकत में आ गए। वहां से कई लोग गुजर रहे थे। उन्होंने तेजी दिखाते हुए नदी में उतरकर फंसे हुए कार सवारों को निकाला। घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस बीच पुलिस को भी सूचना दी गई। जानकरी मिलते ही डायल 112 टीम तुरंत मौके पर जा पहुंची और बचाव अभियान शुरु किया।

सभी कार सवार यूपी के

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तड़के करीब 3 बजे झुरी नदी में कार गिर गई। सभी कार सवार यूपी के थे जोकि शारदा माता के दर्शन करने मैहर के लिए निकले थे। हादसे में कार सवार 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 4 अन्य घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

परिजन कानपुर से रवाना

जांच अधिकारियों के अनुसार हादसे में मृतकों की पहचान हो चुकी है। हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालु कानपुर निवासी सुनील गुप्ता और हिमांशु सिंह सेंगर हैं। सुनील की उम्र करीब 50 वर्ष थी जबकि हिमांशु महज 30 साल के थे। श्रद्धालुओं के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। नवरात्रि के प्रथम दिन हुए हादसे के बाद मृतकों के घरों पर मातम पसर गया है। उनके परिजन शव लेने के लिए कानपुर से रवाना हो चुके हैं।

कार अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिरी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार कार अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिरी थी। हालांकि​ हादसे की वजह जानने के लिए गहन जांच की जा रही है। कानपुर (उत्तर प्रदेश) से परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा जिससे मौत की वजह सामने आएगी।

मृतक
1 सुनील गुप्ता पिता मूलचंद गुप्ता उम्र 50 वर्ष निवासी द्विवेदी नगर गल्ला मंडी कानपुर थाना नौबस्ता जिला कानपुर उत्तर प्रदेश,
2 हिमांशु सिंह सेंगर पिता स्वर्गीय दिनेश सिंह सेगर उम्र 30 वर्ष निवासी गंगापुर कॉलोनी यशोदा नगर कानपुर

घायल
1- राजकुमार गुप्ता पिता सूरज बली गुप्ता उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम टेढ़ा थाना मारूहा सुमेरपुर जिला हमीरपुर उत्तर प्रदेश
2 -गोपाल तिवारी पिता राजकुमार तिवारी उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम संजय गांधी नगर थाना नौबस्ता कानपुर उत्तर प्रदेश
3 -दीपक तिवारी पिता पवन कुमार तिवारी उम्र 35 वर्ष निवासी नौबस्ता थाना बिधनू जिला कानपुर नगर उत्तर प्रदेश
4- राहुल पांडे पिता रमेश चंद पांडे उम्र 35 वर्ष निवासी गंगापुर कॉलोनी यशोदा नगर कानपुर उत्तर प्रदेश

Updated on:
11 Oct 2026 09:55 am
Published on:
11 Oct 2026 08:44 am