
सतना। वस्तु और सेवा कर (जीएसटी) की दर घटने से कई इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के दाम कम हो गए हैं। ग्राहकों के लिए इसे एक तरह से त्योहारी ऑफर बताया जा रहा है। एक अनुमान के मुताबिक टैक्स स्लैब में बदलाव होने से स्थानीय स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद 5-7 फीसदी तक सस्ते हो गए हैं। इन उत्पादों पर जीएसटी में 10 फीसदी तक की कटौती की गई है।
दरअसल जीएसटी काउंसिल की बीते दिनों बैठक में आम आदमी के उपयोग की करीब 88 वस्तुओं का टैक्स स्लैब 10 फीसदी तक कम कर दिया गया था। यानी 28 फीसदी के टैक्स स्लैब वाली वस्तुओं को 18 फीसदी पर लाया गया है। इससे कई कंपनियों ने पहले ही उत्पादों के दामों में कटौती की घोषणा कर दी थी। अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता एवं विक्रेता कंपनियों ने भी रेट कम कर दिए हैं। उन्होंने डीलर्स प्वाइंट पर नइ रेट लिस्ट भी जारी कर दी है।
27 जुलाई से रेट घटाए
नियमानुसार 27 जुलाई से उत्पादों के रेट घटाए गए हैं। स्थानीय डीलर्स के मुताबिक इस कटौती से फ्रीज, वाशिंग मशीन, गीजर, वाटर प्यूरीफायर, 27 इंच की एलइडी जैसे उत्पाद पर ग्राहकों को फायदा मिल रहा है।
इन पर जीएसटी 28 से 18 प्रतिशत हुआ
वाशिंग मशीन, वैक्यूम क्लीनर, फूड ग्राइंडर, मिक्सर, शेवर, हेयर क्लिपर्स, स्टोरेज वाटर हीटर्स, इलेक्ट्रिक स्मूथिंग आयरन, वाटर कूलर, आइसक्रीम फ्रीजर, रेफ्रिजरेटर, हैंड ड्राइज, कॉस्मेटिक, परफ्यूम, पेंट, वार्निश, टॉयलेट स्प्रे आदि।
भरना होगा जीएसटी
पांच करोड़ तक के टर्नओवर वाले व्यापारियों को अब हर महीने जीएसटी भरना होगा। उन्हें हर तिमाही में रिटर्न फाइल करना पड़ेगा। अब सूक्ष्म, छोटे और मझौले उद्यमों को सहूलियत प्रदान करने के लिए 4 अगस्त को जीएसटी परिषद की विशेष बैठक होगी।
ऑफर बंद
अमूमन कंपनियां त्योहारों पर ग्राहकों के लिए नए-नए ऑफर्स पेश करती है। कारोबारियों का कहना है कि प्रतिस्पर्धा के दौर में अब कंपनियों ने ऑफर देना कम कर दिया है। अब सीधे प्राइजिंग पर ही उत्पादों के दाम तय होने लगे हैं।
ऐसे समझें अनुमानित कितना मिल रहा लाभ
- सामान पूर्व दर वर्तमान दर बचत
- फ्रीज 17,000 रु. 15,800 रुपए 1200 रुपए
- वाशिंग मशीन 12000 रु. 11,000 रुपए 1000 रुपए
- गीजर 8000 रु. 7200 रुपए 800 रुपए
- वाटर प्यूरीफायर 10,000 रु. 9000 रुपए 1000 रुपए
- टीवी 24 इंच 14,000 रु. 13,000 रुपए 1000 रुपए