रेल हादसा: इसी जगह दो पहले भी दो बार हो चुकी है घटना
सतना. मैहर में सोमवार की सुबह मालगाड़ी के तीन डिब्बे बेपटरी हो गए। हादसे के चलते मेन व लूपलाइन बाधित हो गई। करीब चार घंटे तक ट्रैक बाधित रहा। तीन यात्री टे्रनें प्रभावित हुईं। उन्हें दूसरी लाइन से गुजारा गया। जिस स्थान पर मालगाड़ी बेपटरी हुई है वहां इससे पहले भी दो हादसे हो चुके हैं। हादसे के वक्त सतना में भी हूटर बजाया गया। इसके बाद राहत दल से जुड़े लोग स्टेशन पहुंचे और उन्हें जानकारी देते हुए मैहर रवाना किया गया। जब अमला वहां पहुंचा तो मालगाड़ी के डिब्बे उठाने व ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू हो सका।
बताया गया, सोमवार को मैहर स्टेशन की अप मेनलाइन में मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। इंजन से 25, 26 और 27 नंबर के डिब्बे बेपटरी हुए। एक डिब्बे के आठ पहिए निकल कर गिट्टी में धंस गए। रेलवे की मानें तो मालगाड़ी को सोमवार सुबह 8.०५ बजे मैहर रवाना किया गया था। करीब ९ बजे ट्रेन मेन लाइन से यार्ड की ओर बढ़ रही थी। करीब ९.०५ बजे बेपटरी हो गई। उसके बाद लोको पॉयलट ने मैहर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। फिर जबलपुर व सतना को सूचना भेजी गई।
जबलपुर से पहुंची टीम
जबलपुर से सीनियर डीएसओ डिरेलमेंट घटना की जांच करने मौके पर पहुंचे। सतना से एरिया मैनेजर, सीसीइ विनोद गर्ग, एडीएन, एडीएमइ आरपी खरे, टीआइ प्रदीप अवस्थी समेत कई अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। गौरव कुमार रेलवे इंजीनियर मैहर का कहना है कि डिरेलमेंट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
15 टन कोयला
सूत्रों की मानें तो एक सुपरफास्ट को रवाना करने लाइन क्लियर की जा रही थी। ऐसे में मालगाड़ी को मेनलाइन से आरएंडडी वन में ले जाया जा रहा था। तभी हादसा हो गया। हादसे को लेकर कहा जा रहा कि डिब्बों में एकतरफा लोड था। डिब्बों में १५ टन कोयला लदा था। जबकि मालगाड़ी को सतना में खाली कर के वापस ले जाया जा रहा था।
सतना में 9.20 बजे बजा हूटर
मालगाड़ी बेपटरी होने की सूचना सतना स्टेशन करीब सवा नौ बजे पहुंची। ९.२० बजे आपातकालीन सायरन बजाया गया। तुरंत ही रेलवे के सेफ्टी, मैकेनिकल व अन्य विभागों के अधिकारी अपने कर्मचारियों और उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। आनन-फानन राहत कार्य शुरू किया गया। पटरी से उतरे डिब्बों को दूसरे डिब्बों से अलग किया गया। डिब्बों को हाइड्रोलिक जैक से पटरी पर चढ़ाया गया। क्षतिग्रस्त पटरी की मरम्मत की गई। १२.०५ बजे तक सतना-मैहर ट्रैक पर यातायात बहाल हुआ।
यात्रियों को हुई परेशानी
हादसे से कुछ मिनट पहले ८.४५ बजे 12150 पटना-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस को सतना स्टेशन से हरी झंडी दे दी गई थी। हादसे की खबर लगते ही मैहर उचेहरा के बीच इसे रोक दिया गया। इसके बाद इस टे्रन को बैककर डाउन टै्रक पर लाया गया। इस कारण टे्रन गंतव्य के लिए देरी से रवाना की जा सकी। इसके अलावा 17609 पटना पुर्णा एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई। कई ट्रेनों को दूसरी लाइनों से धीमी गति से गुजारा गया। इस दौरान यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा।